वाराणसी। सात वार नौ त्योहार वाली काशी में पर्व मनाने का अंदाज भी सबसे अलग है। नवरात्र में आदिशक्ति के नौ स्वरूपों के दर्शन कर भक्त माता से सुख, समृद्धि और भक्ति का आशीष मांगते हैं। नवमी तक मां दुर्गा के नौ स्वरूप अपने भक्तों पर कृपा बरसाती हैं और मंदिर क्षेत्र में सुबह से देर रात तक दर्शन पूजन की कतार लगती है। धर्म और अध्यात्म की नगरी काशी में देवी के कई सिद्ध मंदिर हैं। इस नगरी में एक ऐसा अनोखा मंदिर है, जहां मां दुर्गा नौ रूपों में विराजमान हैं। चैत्र नवरात्र में जहां नौ गौरी की पूजा का विधान है वहीं शारदीय नवरात्र में नौ दुर्गा पूजी जाती हैं।

नवरात्र में जिस दिन जिस देवी के दर्शन का महात्म होता है लोग उनके दर्शन पूजन करने जाते हैं परंतु भदैनी क्षेत्र में स्थित इस एक मंदिर में स्थापित नवदुर्गा के स्वरूप का दर्शन हो जाता है। श्रद्धालु नौ दिन माता के इस मंदिर में आकर दर्शन कर लें तो उन्हें नवदुर्गा का आशीर्वाद मिलता है। सैकड़ों साल पुराने इस मंदिर की कई मान्यताएं हैं। पहली मान्यता है कि यहां मां की प्रतिमा स्थापित नहीं है, बल्कि वह स्वयं विराजित हैं। यहां दर्शन करने आए श्रद्धालुओं का कहना है कि जो भी इस दरबार में आकर श्रद्धापूर्वक दीप जाता व मां को चुनरी चढ़ाता है मां उसे शुभाशीष देती हैं। इस प्राचीन नवदुर्गा मंदिर में माता सभी की मनोकामनाएं पूरी करती हैं।

किशन दुबे महाराज ने बताया कि असि भदैनी क्षेत्र में यह स्वयं विराजित मंदिर है जहां पर मां स्वयं प्रकट हुईं हैं। यह मंदिर लगभग 500 साल पुराना है। इस मंदिर की मान्यता है कि नवरात्र में किसी भी दिन आकर मां के दर्शन करने से मां के नौ स्वरूप का दर्शन प्राप्त होता है तथा सभी मनोवांछित फल प्राप्त होता है। नवरात्र में यहां पर दर्शन पूजन करने वालों का भीड़ लगा रहता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *