वाराणसी। श्री काशी विश्वनाथ धाम के गंगा द्वार पर रोजाना लेजर शो का आयोजन किया जाएगा। यहां पर्यटकों को गंगा आरती, घाटों व काशी के बारे में पूरी जानकारी मिलेगी। पर्यटक लगभग 45 मिनट तक गंगा की लहरों पर लेजर शो का आनंद लेंगे। गंगा आरती और लेजर शो का समय एक ही होगा। ताकि अधिक से अधिक लोग इसका आनंद उठा सकें। अधिक से अधिक पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए रोजाना लेजर शो कराने पर विचार किया जा रहा है।

काशी विश्वनाथ कारिडोर बनने के बाद काशी में पर्यटकों की संख्या काफी बढ़ी है। पर्यटक गंगा विहार के साथ ही दशाश्वमेध घाट की गंगा आरती देखना पसंद करते हैं। लेजर शो में पर्यटकों को गंगा आरती, काशी के घाट व दर्शनीय स्थलों के बारे में जानकारी मिलेगी। पर्यटन विभाग के इस प्रस्ताव को सैद्धांतिक मंजूरी मिल गई है।

पर्यटन विभाग के अधिकारियों के अनुसार लेजर शो के लिए प्रस्ताव बनाकर मुख्यालय को भेजा गया था। मुख्यालय की ओर से इसे सैद्धांतिक तौर पर मंजूरी प्रदान कर दी गई है। लेजर शो के जरिये पर्यटकों को एक ही स्थान पर समस्त जानकारी मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *