क्रासरःकिसान, व्यापारी और छात्र सभी बिजली कटौती से परेशान
नरैनी/बंादा। बिजली की अघोषित कटौती और लो वोल्टेज की समस्या का विभागीय अधिकारियों द्वारा समाधान न करने पर विधायक ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर अवगत कराया है। पत्र में बताया है कि किसान, व्यापारी और छात्र सभी परेशान हैं। इस समस्या से लोगो में आक्रोश व्याप्त है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को 2 सितंबर को भेजे अपने पत्र में विधायक ओममणी वर्मा ने बताया है कि उनके विधान सभा क्षेत्र में बीते चार माह से निर्धारित समयानुसार ग्रामीण क्षेत्रों में 18 घण्टे और शहरी क्षेत्रो में 22 घण्टे की विद्युत आपूर्ति नही की जा रही हैं। पूरे क्षेत्र में इतना लो वोल्टेज आता है कि न पंखे चलते और न ही बल्ब जलते हैं। क्षेत्र के किसान धान की रोपाई कर रहे हैं लो वोल्टेज के कारण खेतो की सिचाई नही कर पा रहे हैं। पत्र में बताया है कि उनके द्वारा विभाग के अधीक्षण अभियंता व अधिशासी अभियंता से व्यक्तिगत रूप से वार्ता कर समस्या का समाधान करने के लिए कहा गया था तो सम्बंधित अधिकारियों ने बताया कि उनके पास पर्याप्त मात्रा में विद्युत सप्लाई आ रही है, लेकिन विद्युत पारेषण केंद्र तुर्रा में अधिक लोड व तकनीकी गड़बड़ी के कारण ग्रामीण क्षेत्रो में लो वोल्टेज की समस्या के साथ पर्याप्त विद्युत आपूर्ति नही कर पा रहे है। विधायक ने बताया है कि अधिकारियों को यह कहते हुए चार माह का समय बीत गया है लेकिन इस दिशा में कोई ठोस कदम नही उठाये गए हैं जिससे आम जनमानस में सरकार के प्रति आक्रोश एवं गुस्सा है। इस लापरवाही के कारण सरकार की छवि धूमिल हो रही है। व्यवस्था में सुधार न होने पर कभी भी शांति एवं कानून व्यवस्था भंग हो सकती है। यदि ऐसा होता है तो इसकी जिम्मेदारी विभागीय अधिकारियों की होगी। विधायक ने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया है कि बिजली संकट से निजात दिलाने के लिए निर्देशित किया जाए।