एडीएम ने किया सदर तहसील का निरीक्षण
बांदा। मंगलवार को अपर जिलाधिकारी उमाकान्त त्रिपाठी ने सदर तहसील बांदा का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण में उन्होंने राजस्व वादों के निस्तारण के सम्बन्ध में जानकारी लेते हुए निर्देश दिये कि राजस्व वादों का गुणवत्तायुक्त निस्तारण समयबद्धता के अनुसार किया जाए तथा वाद अधिक दिनों तक लम्बित नही रहने चाहिए। उन्होंने बैनामा के बाद दाखिल-खारिज के मामलों का निस्तारण निर्धारित समय सीमा के अन्तर्गत किया जाए। इसी प्रकार वरासत के मामलों का भी समय से निस्तारण किये जाने के निर्देश तहसील के सम्बन्धित राजस्व कर्मियों को दिये। उन्होंने निर्देश दिये कि बैनामा के बाद दाखिल-खारिज ऐसे मामले जिनमें बिचौलियों द्वारा अनावश्यक आपत्तियां दी जाती हैं ऐसे प्रकरणों की आपत्तियों को तत्काल खारिज किया जाए तथा सम्बन्धित सम्पत्ति के मालिक व हिस्सेदार द्वारा डी आपत्ति लगाये जाने पर आपत्ति मान्य मानते हुए प्रकरण का निस्तारण अविवादित मामलों में 45 दिनों के अन्दर तथा विवादित मामलों का निस्तारण 90 दिन के भीतर आवश्यक रूप से किया जाए। निरीक्षण के दौरान कई ऐसे मामले पाए जाने पर जिनमें नियमानुसार कार्यवाही नही किये जाने पर सम्बन्धित के विरूद्ध कार्यवाही के निर्देश दिये।
उन्होंने यह भी निर्देश दिये कि वरासत के मामलों का शीघ्र निस्तारण किया जाए, ऐसे मामले अधिक दिनों तक किसी भी दशा में लम्बित नही रहने पायें। और समयबद्धता के साथ सम्बन्धित का नाम कम्प्यूटराइज्ड खतौनी में भी दर्ज किया जाए। उन्होंने निर्देश दिये कि जो भी बैनामा प्राप्त हो रहे हैं उनका अभिलेखों में समय से दर्ज किया जाए। इन कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिये। निरीक्षण के दौरान उन्होंने राजस्व वादों से सम्बन्धित विभिन्न पत्रावलियों का गहनता से निरीक्षण करते हुए राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया कि लम्बित राजस्व वादों का शीघ्र गुणवत्ता के साथ निस्तारण करायें। निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी सदर रजत वर्मा तहसीलदार सदर, नायब तहसीलदार एवं सम्बन्धित राजस्व कर्मी उपस्थित रहे।