नरैनी/बांदा। राह चलते बेटी के साथ अश्लील हरकत करने और बात न करने पर जान से मारने की धमकी देने के आरोपी और इसके पिता के खिलाफ कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। कोतवाली क्षेत्र में कस्बा के एक मोहल्ला निवासी पीड़ित पिता ने कोतवाली पुलिस को शनिवार को तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करने की मांग की थी। बताया था कि उसके मोहल्ले का एक युवक उसकी बेटी के साथ राह चलते छेड़खानी करता है, अश्लील शब्दों का प्रयोग करता है। बेटी द्वारा बात न करने पर गोली मारकर जान से मार देने की धमकी देता है। कोतवाली प्रभारी अरविंद सिंह गौर ने बताया है कि आरोपी युवक पंकज पुत्र जगप्रसाद और जगप्रसाद पुत्र बाबादीन के खिलाफ सुसंगत धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है।