20 अक्टूबर से सभी धान क्रय केन्द्र रहेंगे क्रियाशील
कृषक धान विक्रय हेतु पंजीकरण कराकर घोषित न्यूनतम समर्थन मूल्य का उठाये लाभ
रायबरेली, 19 अक्टूबर 2023
जिला खाद्य विपणन अधिकारी सोनी गुप्ता ने खरीफ विपणन वर्ष 2023-24 हेतु समस्त किसान भाईयों को सूचित किया है कि धान कॉमन मूल्य रुपये 2183 प्रति कुंटल एवं धान ग्रेड ए मूल्य रुपये 2203 प्रति कुंटल है। उन्होंने बताया है कि खरीफ विपणन वर्ष 2023-24 के अन्तर्गत धान विक्रय हेतु ऑनलाइन कृषक पंजीकरण प्रारम्भ हो चुके हैं। अब तक जनपद रायबरेली में कुल 7720 कृषकों द्वारा अपना पंजीकरण धान विक्रय हेतु कराया गया है। कृषकों को धान विक्रय के लिए खाद्य विभाग के पोर्टल fcs.up.gov.in पर ऑनलाइन पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा। जिन कृषकों द्वारा अपना ऑनलाइन पंजीकरण नहीं कराया गया है, वह अपना पंजीकरण यथाशीघ्र करा लें जिससे उसके सत्यापन का कार्य पूर्ण हो सके और कृषकों को अपना धान राजकीय क्रय केन्द्रों पर विक्रय करने में सुविधा हो।
जिला खाद्य विपणन अधिकारी ने बताया कि जनपद रायबरेली में कृषक बंधुओं की सुविधा हेतु खाद्य विभाग के 32, पी०सी०एफ० के 42 पी0सी0यू0 के 12 एवं भा०खा0नि0 के 05 कुल 91 धान क्रय केन्द्र स्थापित किये गये हैं। उन्होंने जनपद रायबरेली के सभी कृषकों भाईयों को सूचित करते हुए बताया है कि शासन द्वारा जनपद रायबरेली में धान क्रय की अवधि 20 अक्टूबर, 2023 से प्रारम्भ किये जाने का निर्णय लिया गया है। जनपद में 20 अक्टूबर से सभी क्रय एजेंसियों के क्रय केन्द्र क्रियाशील रहेंगे। उन्होंने कृषक भाईयों से कहा है कि धान विक्रय हेतु अपना पंजीकरण कराते हुए भारत सरकार द्वारा घोषित न्यूनतम समर्थन मूल्य का अधिक से अधिक लाभ उठायें।