वाराणसी। काशी हिन्दू विश्वविद्यालय का 103 वां दीक्षांत समारोह 16 दिसंबर को आयोजित होगा। आयोजन विश्वविद्यालय परिसर स्थित स्वतंत्रता भवन में सुबह 9.30 बजे से शुरू होगा। कार्यक्रम में भारत सरकार के प्रधान वैज्ञानिक सलाहकार प्रो. अजय कुमार सूद चीफ गेस्ट होंगे। बीएचयू प्रशासन आयोजन की तैयारी में जुटा हुआ है प्रो. सूद प्रधानमंत्री की विज्ञान, प्रौद्योगिकी व नवोन्मेष परिषद के अध्यक्ष हैं। भारतीय विज्ञान संस्थान, बैंगलोर, से भौतिकी में डॉक्टोरेट, प्रो. सूद संस्थान में नेशनल चेयर प्रोफेसर हैं। देश के चौथे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्मश्री से सम्मानित प्रो. सूद का शिक्षा व वैज्ञानिक अनुसंधान के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान है, जिसके लिए उन्हें अनेक प्रतिष्ठित सम्मानों से विभूषित किया जा चुका है। इनमें शांति स्वरूप भटनागर पुरस्कार, वैज्ञानिक अनुसंधान के लिए जीडी बिड़ला सम्मान, इंडियन साइंस कांग्रेस एसोसिएशन का मिलेनियम गोल्ड मेडल, विश्वविद्यालय अनुदान आयोग का सर सीवी रमन सम्मान व इंडियन नेशनल साइंस अकादमी का होमी भाभा पदक समेत अनेक ख्यातिलब्ध सम्मान शामिल हैं स्वतंत्रता भवन में आयोजित होने वाले विश्वविद्यालय के 103वें दीक्षांत समारोह में शैक्षणिक वर्ष 2022-23 के लिए स्वर्ण पदक प्रदान किए जाएंगे। इसके उपरांत विभिन्न संस्थानों, संकायों एवं संबद्ध महाविद्यालयों में उपाधि वितरण होगा। सफल विद्यार्थी अपनी उपाधियां ग्रहण करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *