बांदा रेलवे स्टेशन से सवारी बैठाकर लूट की घटना को दिया था अंजाम
बांदा। पुलिस अधीक्षक बांदा अंकुर अग्रवाल के कुशल निर्देशन में जनपद में अपराध एवं अपराधियों पर नियंत्रण लगाये जाने तथा वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु चलाये जा रहे अभियान के तहत में आज थाना कोतवाली नगर क्षेत्र अन्तर्गत कृषि विश्वविद्यालय के पास 10/11 जनवरी की रात्रि में हुई लूट की घटना का सूचना के 24 घण्टे के भीतर सफल अनावरण करते हुए 03 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया । गौरतलब हो कि कल 17 जनवरी 24 को थाना कोतवाली देहात के चहितारा के रहने वाले पंकज सेन ने थाना कोतवाली नगर पर लिखित प्रार्थना पत्र देते हुए बताया कि 10/11 जनवरी की रात्रि को वह कटनी से बांदा ट्रेन से आया था । रेलवे स्टेशन बांदा के बाहर उसने अपने घर चहितारा जाने के लिए एक ई-रिक्शा बुक किया । रिक्शा चालक ने रास्ते में कहा कि मेरा कुछ काम है जिससे दूसरे रास्ते से ले चल रहा हूं । इस दौरान उसने रास्ते में अपने मित्रों को फोन किया और रिक्शा महोबा बाईपास की ओर कृषि विश्वविद्यालय के पास ले जाकर अपने दो अन्य दोस्तों के साथ मेरा मोबाइल, पर्स व नकद रुपये 10250 लूट लिए । बाद में अगले दिन सुबह मैं अपना खाता ब्लाक कराने बैंक पहुंचा तो पता चला कि उसके खाते से पेटीएम के माध्यम से 57000 रुपये निकाल लिए गये थे । इस संबंध में थाना कोतवाली नगर पर अभियोग पंजीकृत करते हुए अभियुक्तों की पहचान व गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे थे । इसी क्रम में मुखबिर की सूचना पर घटना में शामिल तीनों अभियुक्तों को भूरागढ़ केन नदी पुल के पास से गिरफ्तार कर लिया गया । अभियुक्तों ने पूछताछ में बताया कि 10/11 जनवरी की रात्रि में इम्तियाज के ई-रिक्शा से अमित घसीटा एक सवारी चहितारा के लिए बैठाकर निकला । इस दौरान फोन पर उन तीनों लोगों ने सवारी से लूट की योजना बनायी । योजना के अनुसार अमित काम का बहाना बनाकर ई-रिक्शा को सीधा चहितारा की ओर न ले जाकर महोबा बाईपास कृषि विश्वविद्यालय के पास ले गया जहां पहले से ही इम्तियाज और विनय मौजूद थे तीनों ने मिलकर सवारी का मोबाइल, पर्स व नकद रुपये छीन लिए । तीनों ने उसके यूपीआई का पिन बदलकर महोबा स्टेशन के सामने एक दूकान से पेटीएम के माध्यम से स्कैन कर 56700 रुपये निकाल लिए । गिरफ्तार अभियुक्तों में अमित घसीटा पुत्र अन्तु निवासी काशीराम कालोनी ,इम्तियाज अहमद उर्फ मुन्ना पुत्र मिराज उर्फ मोबीन अहमद निवासी परशुराम तालाब व विनय रैकवार उर्फ वीरु पुत्र राजेश रैकवार निवासी काशीराम कालोनी शामिल हैं।