युवराज दत्त कॉलेज में वृक्षारोपण अभियान, मुख्य अतिथि राजा राजेश्वर सिंह ने किया शुभारंभ।

लखीमपुर खीरी। युवराज दत्त स्नातकोत्तर महाविद्यालय में बुधवार को “एक पेड़ माँ के नाम” थीम पर वृक्षारोपण महाअभियान 2025 का आयोजन भव्य रूप से किया गया। यह अभियान प्रातः 6:00 बजे से महाविद्यालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में शुरू हुआ।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रबंध समिति के सदस्य एवं झंडी स्टेट के राजा राज राजेश्वर सिंह ने महाविद्यालय परिसर में वृक्षारोपण कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इस अवसर पर प्राचार्य प्रो. हेमंत पाल, कीर्ति प्रोजेक्ट की प्रो. सुमिता यादव, पंजाब नेशनल बैंक शाखा प्रबंधक व स्टाफ, विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, शिक्षकगण, शिक्षिकाएं, एनएसएस एवं रोवर्स-रेंजर्स इकाइयों के छात्र-छात्राएं और स्थानीय नागरिकों ने नीम, आंवला, आम, जामुन, बेल, अमरूद, कंजी, करील, शीशम आदि के सैकड़ों पौधे रोपे।
प्राचार्य प्रो. हेमंत पाल ने सभी उपस्थित लोगों को पौधों की देखभाल और संरक्षण का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि छात्रों को यह समझना चाहिए कि एक पेड़ लगाना केवल पर्यावरण की रक्षा नहीं बल्कि स्वास्थ्य और समाज के लिए उपकार है। उन्होंने वृक्षारोपण को एक माँ को समर्पित कर भावनात्मक रूप से जोड़ने का आह्वान किया।
इस अवसर पर छात्रों को प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए। प्राचार्य ने बताया कि उच्च शिक्षा विभाग एवं जिलाधिकारी के निर्देशानुसार जिले के सभी महाविद्यालयों में इस अभियान को सफल बनाना है।
“एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत यह वृक्षारोपण कार्यक्रम जन-जागरूकता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *