बौधिया कला में मंगलवार की सुबह अचानक लगी भीषण आग ने भारी तबाही मचाई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और इसकी चपेट में आने से करीब आधा दर्जन ग्रामीणों के घर जलकर राख हो गए। इस अग्निकांड में घरों के भीतर रखा अनाज, कपड़े, नकदी और जेवरात समेत सारा सामान जलकर खाक हो गया। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की गाड़ी ने ग्रामीणों की मदद से बमुश्किल आग पर काबू पाया।
मझगईं थाना क्षेत्र के बौधिया कलां में मंगलवार सुबह करीब नौ बजे गांव के ब्रह्मदीन के घर से अचानक धुएं के साथ आग की लपटें उठने लगीं। जब तक लोग कुछ समझ पाते और आग बुझाने का प्रयास करते, तब तक तेज हवाओं के कारण आग ने पड़ोस के घरों को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग की भयावहता देख गांव में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। इस हादसे में ब्रम्हादीन यादव, बबलू यादव, राजाराम गौतम, दीपक गौतम, प्रदीप गौतम, रवि और रंजीत गौतम के आशियाने पूरी तरह जल गए। घर की गाढ़ी कमाई और गृहस्थी का सारा सामान पल भर में राख के ढेर में तब्दील होते देख पीड़ित परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने आग बुझाने में मदद की। अग्निकांड की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस महकमा मौके पर पहुंच गया। निघासन के बीडीओ जयेश सिंह और मझगईं थानाध्यक्ष अनिल कुमार पंकज पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य का जायजा लिया। हादसे के बाद पीड़ितों को ढांढस बंधाने और स्थिति को संभालने के लिए कानूनगो लक्ष्मण यादव और क्षेत्रीय लेखपाल अवधेश कुमार ने मौके पर रहकर आग से हुए नुकसान का सर्वे किया। अधिकारियों ने पीड़ित परिवारों को आश्वस्त किया है कि संकट की इस घड़ी में शासन-प्रशासन उनके साथ है और उन्हें हरसंभव मदद दी जाएगी।