हमीरपुर। कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) दिवस के अवसर पर हमीरपुर स्थित सीएससी आधार सेवा केंद्र पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर हमीरपुर चक्रेश त्रिवेदी ने केक काटकर सीएससी दिवस का शुभारंभ किया। इसके बाद उपस्थित लोगों को मिठाई वितरित की गई तथा डिजिटल सेवाओं और सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधारोपण भी किया गया।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, फार्मर रजिस्ट्री, आधार सेवाएं, एईपीएस, डीजीपे, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, रेलवे एवं हवाई टिकट बुकिंग, पैन कार्ड, पासपोर्ट, बिजली बिल भुगतान सहित सीएससी के माध्यम से उपलब्ध विभिन्न सेवाओं की जानकारी दी गई। लोगों को बताया गया कि इन सेवाओं का लाभ अब अपने नजदीकी सीएससी केंद्र से आसानी से प्राप्त किया जा सकता है।
इस अवसर पर सीएससी जिला प्रबंधक रजत तिवारी ने कहा कि कॉमन सर्विस सेंटर ग्रामीण भारत में डिजिटल सेवाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बन चुके हैं। उन्होंने कहा कि सीएससी के जरिए नागरिकों को एक ही स्थान पर अनेक सरकारी एवं वित्तीय सेवाएं पारदर्शी और सरल तरीके से उपलब्ध कराई जा रही हैं।
कार्यक्रम में बजाज के क्लस्टर मैनेजर धर्मेंद्र शुक्ला, सीएससी संचालक दीपांशु, नंदकिशोर, विशाल साहू सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।