कानपुर – जमीन बिक्री मामले में महिला ने डीसीपी से लगाई गुहार, खरीदारों के खिलाफ दर्ज मुकदमा खत्म करने की मांग

कानपुर। सेन पश्चिम पारा थाना क्षेत्र में जमीन बिक्री को लेकर दर्ज अपहरण और धोखाधड़ी के मुकदमे के बीच जमीन विक्रेता सुनीता गुप्ता उर्फ मुन्नी देवी शुक्रवार को डीसीपी दक्षिण दीपेंद्र नाथ चौधरी के कार्यालय पहुंचीं। उन्होंने प्रार्थना-पत्र देकर खरीदारों के खिलाफ दर्ज मुकदमा समाप्त कराने, निष्पक्ष जांच और अपनी सुरक्षा की मांग की।

सुनीता गुप्ता उर्फ मुन्नी देवी ने बताया कि करीब 20 वर्ष पहले उन्होंने अपनी मां के पैसों से जमीन खरीदी थी। बाद में उन्होंने अपनी इच्छा से वह जमीन बेच दी और बिक्री की पूरी धनराशि भी प्राप्त की। उनका कहना है कि उनका किसी ने अपहरण नहीं किया और न ही किसी प्रकार की जबरदस्ती की गई। महिला ने आरोप लगाया कि वह पिछले करीब 10 वर्षों से पति से अलग रह रही हैं। पति लंबे समय से उनके साथ मारपीट और मानसिक प्रताड़ना करता रहा है। उनका आरोप है कि पति जमीन दूसरी महिला के नाम कराना चाहता था। विरोध करने पर खरीदारों के खिलाफ झूठा मुकदमा दर्ज करा दिया।

महिला ने डीसीपी दक्षिण से खरीदारों को निर्दोष बताते हुए उनके खिलाफ दर्ज मुकदमा समाप्त करने, पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने और अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। महिला के अनुसार, डीसीपी दक्षिण ने प्रार्थना-पत्र प्राप्त कर मामले में जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

क्या है मामला?

सेन पश्चिम पारा थाने में महिला के पति ने पत्नी के कथित अपहरण और जमीन की धोखाधड़ी से बिक्री का आरोप लगाते हुए खरीदारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। वहीं, महिला ने इन आरोपों को गलत बताते हुए पुलिस अधिकारियों से निष्पक्ष जांच की मांग की है। मामले की जांच पुलिस कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *