– एक बच्ची व एक महिलाएं झुलसीं
जसपुरा/बांदा। थाना जसपुरा क्षेत्र के ग्राम बरेहटा में रविवार रात एक हृदयविदारक हादसे में जहां एक भैंस की 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन के करंट से मौत हो गई, वहीं पास में मौजूद एक बच्ची, एक महिलाएं भी झुलस गईं। हादसे के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल है। ग्रामीणों ने बिजली विभाग की लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए तत्काल सुधार कार्य कराने की मांग की है। जानकारी के अनुसार, ग्राम बरेहटा निवासी सुनीता पत्नी स्व. छोटकू निषाद की भैंस घर के बाहर छप्पर के नीचे बंधी हुई थी। रविवार की रात करीब साढ़े नौ बजे ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन का तार अचानक टूटकर सीधे भैंस पर गिर गया। करंट की चपेट में आकर एक भैंस की मौके पर ही मौत हो गई। दो भैसे बाल-बाल बची, हादसे की आवाज सुनकर पास में मौजूद सुखरानी (50) और लक्ष्मी (6) मौके की ओर दौड़ीं तो वे भी करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गईं। परिजनों ने तत्काल दोनों को एंबुलेंस से सीएचसी जसपुरा पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल बांदा रेफर कर दिया गया। सोमवार सुबह भैंस की मालकिन सुनीता ने थाना जसपुरा पहुंचकर घटना की लिखित सूचना दी। पुलिस ने रोजनामचा संख्या 018 में मामला दर्ज कर लिया है। प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार को मामले से अवगत कराते हुए उप निरीक्षक आकाश को जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इधर, सूचना पाकर पशु चिकित्साधिकारी डा. रविंद्र कुमार ने मौके पर पहुंचकर मृत भैंस का पोस्टमार्टम किया और रिपोर्ट तैयार की। ग्रामीणों ने बताया कि हादसे के बाद से गांव की बिजली लाइन अब तक बहाल नहीं की गई है, जिससे ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार विभाग को जर्जर तारों की सूचना दी गई थी, लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया। अब यह हादसा विभागीय लापरवाही का परिणाम है।