बांदा। जनपद बांदा में 15 से 17 फरवरी 2026 तक आयोजित होने वाले तीन दिवसीय कालिंजर महोत्सव के सफल आयोजन को लेकर आज कलेक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) कुमार धर्मेंद्र की अध्यक्षता में संबंधित जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ पुनः समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर जिलाधिकारी द्वारा महोत्सव की तैयारियों की बिंदुवार समीक्षा करते हुए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध ढंग से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि कालिंजर महोत्सव जनपद की सांस्कृतिक, ऐतिहासिक एवं पर्यटन विरासत को व्यापक पहचान दिलाने का महत्वपूर्ण माध्यम है, अतः आयोजन को भव्य, सुव्यवस्थित एवं सफल बनाया जाना आवश्यक है।
बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, विद्युत आपूर्ति, पेयजल व्यवस्था, स्वच्छता, स्वास्थ्य सेवाएं, सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा, कलाकारों की व्यवस्था, मंच एवं सजावट, मीडिया समन्वय सहित अन्य आवश्यक बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। संबंधित विभागों को अपने-अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अपर जिलाधिकारी ने पुलिस विभाग को कानून-व्यवस्था सुदृढ़ रखने, स्वास्थ्य विभाग को आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने, नगर पालिका को साफ-सफाई एवं प्रकाश व्यवस्था बेहतर रखने तथा लोक निर्माण विभाग को संपर्क मार्गों की स्थिति दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। साथ ही संस्कृति एवं पर्यटन से जुड़े विभागों को कार्यक्रमों की गुणवत्ता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने को कहा गया। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से विशेष अपील करते हुए बताया कि कालिंजर महोत्सव के दौरान प्रतिदिन दोपहर 1रू00 बजे से 3 बजे तक जनपद के ऐसे बच्चे, जो कला (आर्ट) से संबंधित किसी भी विधा में प्रतिभाग करना चाहते हैं, उन्हें एक सशक्त मंच प्रदान किया जाएगा। इच्छुक प्रतिभागी बच्चे अपने पंजीकरण एवं आवश्यक जानकारी हेतु बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं। चयनित प्रतिभागियों को महोत्सव के मुख्य मंच के माध्यम से अपनी कला प्रतिभा प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि बच्चों की सहभागिता से महोत्सव और अधिक जीवंत एवं प्रेरणादायक बनेगा तथा जनपद की छुपी हुई प्रतिभाओं को आगे आने का अवसर प्राप्त होगा। बैठक में विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।