वाराणसी। सिगरा स्टेडियम में खेले गए मैत्री क्रिकेट मैच में अधिवक्ताओं की टीम ने न्यायिक अधिकारियों की टीम को एकतरफा मुकाबले में 9 विकेट से हरा दिया। 122 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए वकीलों की टीम ने महज 10 ओवर में जीत हासिल कर शानदार प्रदर्शन किया।

जजों की टीम ने बनाए 122 रन, राजू मुकुल पांडेय की अर्धशतकीय पारी

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यायिक अधिकारियों की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 122 रन बनाए। टीम की ओर से राजू मुकुल पांडेय ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 55 रन बनाए, जबकि कुलदीप सिंह ने 25 रनों का योगदान दिया।

वरुण सिंह और मेराज फारुकी की घातक गेंदबाजी अधिवक्ताओं की ओर से गेंदबाजी में वरुण सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3 विकेट झटके। वहीं विधिक पत्रकार संघ के अध्यक्ष मेराज फारुकी ने किफायती गेंदबाजी करते हुए मात्र 1 रन देकर 2 विकेट हासिल किए। प्रेम प्रकाश गौतम ने भी 1 विकेट लेकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया तुषार की धमाकेदार बल्लेबाजी, 10 ओवर में ही जीत

लक्ष्य का पीछा करने उतरी अधिवक्ताओं की टीम की शुरुआत आक्रामक रही। तुषार ने 60 रनों की शानदार पारी खेलकर मैच को एकतरफा बना दिया। बनारस बार के अध्यक्ष बिनोद कुमार शुक्ला ने 35 रन बनाए, जबकि सेंट्रल बार के महामंत्री आशीष सिंह 15 रन बनाकर नाबाद रहे।

जिला जज संजीव शुक्ला ने दी ट्रॉफी, खेल भावना की सराहना मैच के बाद विजेता टीम को ट्रॉफी जिला जज संजीव शुक्ला ने प्रदान की। उन्होंने कहा कि यह मैच बहुत अच्छे माहौल में खेला गया और इस तरह के आयोजन आगे भी जारी रहेंगे।

बराबरी पर पहुंची दोनों टीमें, जल्द होगा तीसरा मुकाबला

कार्यक्रम का संचालन जय प्रकाश सिंह ने किया, जबकि आभार ओम शंकर श्रीवास्तव ने व्यक्त किया। संजय सिंह ने सभी खिलाड़ियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया। सेंट्रल बार के अध्यक्ष प्रेम प्रकाश गौतम ने बताया कि दोनों टीमें अब एक-एक मैच जीतकर बराबरी पर हैं और जल्द ही तीसरा मुकाबला आयोजित किया जाएगा, जो निर्णायक होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *