बांदा। स्थानीय नरैनी रोड स्थित वृद्धाश्रम में आज माहेश्वरी समाज बांदा के जनक स्वर्गीय रमेश चंद्र रेंडर की पुण्यतिथि पर स्वल्पाहार वितरण कार्यक्रम संपन्न किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में नगर मजिस्ट्रेट संदीप केला, अध्यक्षता भागवत प्रसाद मेमोरियल एकेडमी के प्रबंधक आदरणीय राम लखन कुशवाहा और विशिष्ट अतिथि आदरणीय हरभजन गुप्ता प्रबंधक पूज्य स्वामी रणछोड़ दास इंटर कॉलेज खप्टिहां कला बांदा उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत यति माहेश्वरी द्वारा गाए भजन श्री कृष्ण गोविंद हरे मुरारी से हुई। कार्यक्रम का संचालन कर रहे सजल कुमार रेंडर ने उपस्थित बुजुर्गों से भजन सुनाने की अपील की। जिसमें दो बुजुर्गों ने भजन सुना कर सबको मंत्रमुग्ध कर लिया। मुख्य अतिथि नगर मजिस्ट्रेट आदरणीय श्री संदीप केला जी ने परिवारों में वृद्धो की उपेक्षा पर चिंता जताई और परिवारों को संस्कारित करने पर बल दिया। विशिष्ट अतिथि आदरणीय श्री राम लखन कुशवाहा जी ने अपने संबोधन में कहा कि बुजुर्गों की सेवा से बड़ा कोई धर्म नहीं है माता-पिता ही ईश्वर के समान होते हैं। विशिष्ट अतिथि आदरणीय श्री हरभजन गुप्ता जी ने हर बुजुर्ग से अपील की कि वह अपने बच्चों की गलतियों को माफ करें और यहां पर तनाव मुक्त होकर जिए। रणछोड़ दास इंटर कॉलेज खप्टिहां कला बांदा के प्रधानाचार्य महेंद्र सिंह ने संस्कारित शिक्षा करने पर बल दिया और कहा कि बुजुर्गों का अनुभव हमेशा काम में आता है। बद्री प्रसाद ओमर इंटर कालेज बांदा के प्रधानाचार्य आदरणीय श्री मदन सिंह जी ने कहा कि वह अपने विद्यालय में हर बच्चे को ऐसी शिक्षा देने का प्रयास करेंगे कि जिससे वह बुजुर्गों की उपेक्षा ना करें। आदरणीय श्री बिनीत कुमार गुप्ता व अभि सहा आकाशवाणी बांदा द्वारा सभी वृद्ध जनों से अपील की कि वह अपना पूरा ध्यान प्रभु की भक्ति में लगायें उसी से शांति मिलेगी। आदरणीय राम किशुन व. अभि. सहा. आकाशवाणी एफ एम बांदा ने कहा कि पता नहीं कैसी स्थिति होती है और इसके पीछे क्या कारण है इनको समझने की आवश्यकता है और बुजुर्गों और बच्चों को आपस में समन्वय स्थापित करना चाहिए। कार्यक्रम के अंत में सहायक मैनेजर अदानी नरेंद्र द्वारा वृद्धाश्रम बांदा में आए हुए सभी अतिथियों का धन्यवाद करते हुए आभार जताया और अपेक्षा की इस तरह के कार्यक्रम यदि होते रहते हैं तो इन बुजुर्गों को भी अपनापन मिलता रहता।