वाराणसी। पांडेयपुर क्षेत्र में स्टेशनरी की दुकानों से सीबीएसई की नकली किताबों की बिक्री की जा रही थी। पुलिस व ओसवाल बुक्स कंपनी के प्रतिनिधियों की छापेमारी में इसकी पोल खुली। तीन दुकानों से सीबीएसई पैटर्न की 50 से अधिक किताबें बरामद की गईं। पुलिस तीनों दुकानों के फर्म के नाम पर केस दर्ज करने के साथ ही दुकानदारों व नकली दुकानों का प्रकाशन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई में जुटी रही।
ओसवाल बुक्स एंड लर्निंग प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के प्रतिनिधि और आगरा निवासी राजेश उपाध्याय ने लालपुर-पांडेयपुर थाने में तहरीर दी। बताया कि उनकी कंपनी के प्रकाश की किताबें कूटरचित तरीके से छापकर बेची जा रही हैं। इस पर पुलिस अलर्ट हो गई। पुलिस कंपनी के प्रतिनिधि के साथ तीन दुकानों पर छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान 50 से अधिक नकली किताबें बरामद की गईं। पुलिस के अनुसार तीनों फर्मों पर केस दर्ज किया जा रहा है। फर्जीवाड़ा करने वालों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में कार्रवाई की जाएगी।