वाराणसी। राजातालाब के कचनार गांव स्थित ला कालेज रोड पर अतिक्रमण को लेकर लोक निर्माण विभाग सख्त हो गया है। विभाग की ओर से दुकानदारों को 5 दिन की मोहलत दी गई है। इस अवधि में यदि अवैध कब्जा खुद से नहीं हटाया तो बुलडोजर चलेगा। विभाग के फरमान के बाद दुकानदारों में खलबली मची है।
रोड पर काफी दिनों से अतिक्रमण है। पीडब्ल्यूडी की ओर से कई बार नोटिस जारी की गई, लेकिन अतिक्रमणकारियों ने ध्यान नहीं दिया। इस पर अब पीडब्ल्यूडी ने सख्ती बरतने का फैसला लिया है। शुक्रवार को इलाके में मुनादी करवाकर खुद अतिक्रमण हटाने के लिए सचेत किया गया। अतिक्रमणकारियों को पांच दिन का समय दिया गया है। इस अवधि में यदि खुद कब्जा नहीं हटाया तो बुलडोजर लगाकर अतिक्रमण हटवाया जाएगा।
ला कालेज रोड पर अतिक्रमणकारियों ने सड़क की छोड़ी गई पटरी की जगह को काफी सालों से कब्जा कर रखा है। जहां से पब्लिक को आवागमन में काफी परेशानी होती हैं। कई बार पीडब्ल्यूडी प्रशासन के पास इसकी शिकायत पहुंची। कई बार नोटिस के बाद अतिक्रमणकारी नहीं मानें तो विभाग अब सख्ती के मूड में है।