वाराणसी, 12 अगस्त। ज्ञानवापी परिसर में सुरक्षा के कड़े प्रबंध के बीच शनिवार को लगातार नौंवे दिन भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) टीम ने वैज्ञानिक सर्वे की प्रक्रिया पूरी की। सर्वे के बाद शाम पांच बजे टीम परिसर से बाहर आई। सर्वे रविवार को भी होगा। हाई कोर्ट के आदेश पर एएसआई टीम ने पूरे दिन अत्याधुनिक मशीनों से परिसर के अलग-अलग हिस्सों का सर्वे किया टीम ने परिसर में सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर सील वजूखाने एरिया को छोड़कर आधुनिक मशीनों के जरिए डिजिटल मैपिंग, फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी की। दोपहर में लंच ब्रेक और नमाज के कारण करीब डेढ़ घंटे सर्वे प्रकिया रोकी गई। इसके बाद शाम पांच बजे तक टीम ने सर्वे किया गौरतलब हो कि जिला अदालत ने ज्ञानवापी परिसर में एएसआई के सर्वे संबंधी जानकारी मीडिया से साझा करने पर रोक लगा दी है। प्रतिवादी मस्जिद पक्ष की ओर से 8 अगस्त को दाखिल प्रार्थना पत्र पर जिला जज ने ये आदेश दिया था। जिला जज ने अपने आदेश में कहा कि ज्ञानवापी परिसर में चल रहे एएसआई सर्वे की प्रकृति संवेदनशील है। इसके बारे में एएसआइ, वादी, प्रतिवादी और उनके वकीलों को टिप्पणी करने और सूचना देने का कोई अधिकार नहीं है। एएसआई के अधिकारी सर्वे की रिपोर्ट केवल न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने के लिए बाध्य हैं। जिला अदालत के आदेश पर एएसआई को ज्ञानवापी परिसर की सर्वे रिपोर्ट दो सितंबर तक पेश करनी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *