पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
बांदा। मवेशियों से फसल को बचाने के लिए प्रतिदिन एक बुजुर्ग किसान खेत के पास बने कमरे में रहकर फसल की रखवाली करता था और इसी कमरे में सो जाता था। गुरुवार को सवेरे बिस्तर पर उसकी खून से लथपथ लाश मिली। पुलिस के मुताबिक उसके सिर पर डंडे से घातक प्रहार किया गया है, जिससे उसकी मौत हो गई।
इस बारे में अपर पुलिस अधीक्षक लक्ष्मी निवास मिश्रा ने बताया कि कालिंजर थाना क्षेत्र के ग्राम छतैनी में 70 वर्षीय बुजुर्ग किसान रघुनंदन प्रतिदिन की तरह खेत के पास बने कमरे में रात में सो रहा था। रात में किसी व्यक्ति ने किसान के सिर पर डंडे से प्रहार करके हत्या कर दी है। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर जांच पड़ताल की है। फील्ड यूनिट और डाग स्क्वाड ने भी जांच पड़ताल की। जांच के दौरान डॉग स्क्वॉड को कुछ इनपुट मिले हैं, जिनके आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।परिजनों के मुताबिक शाम को उन्हें नातिन खाना लेकर गई थी। खाना देने के बाद वह लौट गई थी, सवेरे जब परिवार के लोग खेत में पहुंचे तो कमरे के बिस्तर में उनकी लाश मिली। हत्या का कारण अभी तक ज्ञात नहीं हो सका है।