बांदा। बांदा से मानिकपुर की ओर जा रही मालगाड़ी का इंजन शनिवार सुबह अचानक खराब होने से रेलवे ट्रैक पर ही मालगाड़ी खड़ी हो गई। ऐसी स्थिति में अन्य ट्रेनों को भी यहां-वहां स्टेशनों पर रोक दिया गया। मिली जानकारी के अनुसार सुबह 5.02 बजे बांदा से चित्रकूट धाम कर्वी की ओर जा रही मालगाड़ी ट्रेन अतर्रा रेलवे स्टेशन से रवाना हुई, लेकिन करीब 10 मिनट बाद ही बदौसा रेलवे स्टेशन से पहले इंजन में अचानक तकनीकी खराबी आ गई, जिससे मालगाड़ी पटरी पर ही रुक गई। ट्रैक पर मालगाड़ी खड़ी रहने से पीछे से आने वाली बुंदेलखंड एक्सप्रेस ट्रेन और संपर्क क्रांति सुपरफास्ट ट्रेनें अतर्रा रेलवे स्टेशन पर रोक दी गईं। करीब 6.39 बजे दूसरा इंजन उपलब्ध कराकर मालगाड़ी को आगे बढ़ाया गया। उसके बाद अतर्रा रेलवे स्टेशन पर खड़ी संपर्क क्रांति सुपरफास्ट ट्रेन को लगभग 44 मिनट की देरी से रवाना किया गया, जबकि बुंदेलखंड एक्सप्रेस ट्रेन को करीब 1 घंटे 34 मिनट की देरी से चलाया गया। ट्रेनों के रुकने से यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा। लोग बार-बार पूछताछ काउंटर पर जानकारी लेते रहे। इंजन बदलने के बाद जब संचालन शुरू हुआ तो यात्रियों ने राहत की सांस ली। रेलवे अधिकारियों ने इसे आकस्मिक तकनीकी समस्या बताया है। मेला स्पेशल ट्रेन के साथ ही दो एक्स्प्रेस ट्रेनों में सवार यात्री परेशान रहे। पीआरओ झांसी रेलवे मनोज कुमार सिंह ने कहा कि मालगाड़ी का इंजन फेल होने की वजह से रेल यातायात बाधित रहा। दूसरा इंजन मंगवाकर मालगाड़ी को रवाना किया गया

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *