– शांति पूर्ण परीक्षा सम्पन्न कराने के एडीएम ने दिए निर्देश
बांदा। जिलाधिकारी श्रीमती जे0रीभा के निर्देशन में लोक सेवा आयोग द्वारा पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा 2025 को नकल विहीन शांतिपूर्ण व सुचितापूर्ण तरीके से संपन्न कराए जाने के संबंध में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक संपन्न हुई। बैठक में अपर जिला अधिकारी न्यायिक माया शंकर ने केंद्र व्यवस्थापको, सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट को निर्देश दिए कि वह अपने-अपने कार्यों को कुशलता पूर्वक संपन्न करते हुए परीक्षा पूर्ण कराएं। उक्त परीक्षा आगामी 12 अक्टूबर 2025 को जनपद के 13 विभिन्न परीक्षा केंद्रों में आयोजित होगी। उन्होंने परीक्षा को नकल विहीन संपन्न कराए जाने हेतु केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिए की परीक्षा केंद्रों में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सीसीटीवी, फर्नीचर, प्रकाश एवं सीटिंग प्लान सहित कंट्रोल रूम आदि की व्यवस्था समय से सुनिश्चित की जाए। यह परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए की कच्छ निरीक्षकों की ड्यूटी तीन दिन पूर्व से लगाई जाए। परीक्षा केंद्र में कोई भी परीक्षार्थी पेपर, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, कैलकुलेटर, मोबाइल फोन, व अन्य कोई सामग्री लेकर नहीं जाएंगे। परीक्षा केंद्रों में बायोमेट्रिक चेकिंग की जाएगी। इसके साथ ही परीक्षार्थियों के लिए गेट पर आवश्यक सामग्री रखने हेतु व्यवस्था की जाए। उन्होंने रेलवे स्टेशन बस स्टैंड पर हेल्प डेस्क बनाए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने परीक्षार्थियों के आवागमन हेतु वाहन की व्यवस्था तथा बस स्टैंड साफ सफाई, शौचालय आदि की व्यवस्था भी कराए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने होटल एवं मैरिज लॉन संचालकों से परीक्षार्थियों हेतु ठहरने की व्यवस्था किए जाने के निर्देश दिए। सभी परीक्षा केंद्रों पर तैनात कर्मचारी आईडी कार्ड के साथ रहेंगे कोई भी कर्मचारी मोबाइल फोन लेकर परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं करेगा। सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट अपने-अपने परीक्षा केंद्रों में एक दिन पूर्व ही सभी तैयारियां को पूर्ण कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापको को कड़े निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्र में किसी भी गड़बड़ी के लिए केंद्र व्यवस्थापक जिम्मेदार होंगे। बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व कुमार धर्मेंद्र, अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज,मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार पांडे, कोआर्डिनेटर सुपरवाइजर लोक सेवा आयोग प्रयागराज अजीत कटियार सहित समस्त सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक उपस्थित रहे।