जसपुरा (बांदा)। थाना जसपुरा क्षेत्र में रविवार शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब पावर हाउस गेट के सामने दो बाइकों की आमने-सामने से जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सीएचसी जसपुरा पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद दोनों की हालत नाजुक देख डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल बांदा के लिए रेफर कर दिया। घटना ग्राम पंचायत गड़रिया मजरा नकटी पोखरी निवासी बृजेश निषाद (19) और ग्राम पंचायत नरजिता मजरा बहुंडरी निवासी साकेत पांडे (17) के बीच हुई। बृजेश जसपुरा की ओर जा रहा था, जबकि साकेत बहुंडरी की ओर लौट रहा था। जैसे ही दोनों जसपुरा पावर हाउस गेट के पास पहुंचे, करीब शाम 4रू30 बजे तेज रफ्तार में आमने-सामने से भिड़ गए। हादसे की आवाज सुनकर मौके पर राहगीरों की भीड़ जुट गई। लोगों ने तुरंत एम्बुलेंस और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची एम्बुलेंस से दोनों को सीएचसी जसपुरा लाया गया। सीएचसी में ड्यूटी पर तैनात डॉक्टरों ने दोनों की हालत को गंभीर बताते हुए जिला अस्पताल बांदा के लिए रेफर कर दिया। फिलहाल दोनों का उपचार जारी है। घटना की जानकारी मिलते ही जसपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हादसे की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटनाग्रस्त बाइकों को कब्जे में लिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *