– परिजन ने युवक पर उत्पीड़न का लगाया आरोप
पैलानी/बांदा। क्षेत्र के पपरेन्दा गांव में रविवार शाम एक 17 वर्षीय किशोरी ने घर के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से गांव में सनसनी फैल गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जानकारी के अनुसार पपरेन्दा निवासी प्रतिभा वर्मा (17) पुत्री रामलखन ने रविवार शाम करीब पांच बजे सूने घर में दुपट्टे के सहारे फांसी लगा ली। काफी देर तक जब वह नजर नहीं आई तो परिजनों ने तलाश शुरू की। कमरे में पहुंचने पर उसका शव फंदे से लटका मिला। परिजनों में कोहराम मच गया। मृतका के पिता रामलखन ने गांव के ही हरिवंशलाल पुत्र इंद्रपाल पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि आरोपी पिछले तीन-चार वर्षों से उनकी पुत्री को परेशान कर रहा था। इस संबंध में कई बार समझाने और उलाहना देने के बावजूद वह नहीं माना। पिता का आरोप है कि उत्पीड़न से तंग आकर उनकी बेटी ने यह कदम उठाया। प्रतिभा दो बहनों में दूसरी थी। बड़ी बहन का नाम प्रतिमा है। मां शांती का रो-रोकर बुरा हाल है। थाना प्रभारी अर्पित पांडे ने बताया कि युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी। मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *