जनपद में किशोरियों के लिए एचपीवी टीकाकरण अभियान की तैयारी तेज

ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों का प्रशिक्षण आयोजित

रायबरेली, 25 फरवरी 2026

जनपद में किशोरियों को सर्वाइकल (गर्भाशय) कैंसर से बचाव के लिए ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) टीकाकरण अभियान शीघ्र शुरू किया जाएगा। इस संबंध में बुधवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय स्थित एएनएमटीसी में ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों का एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नवीन चंद्रा ने बताया कि प्रधानमंत्री द्वारा इस अभियान की शुरुआत की जा चुकी है और वैक्सीन उपलब्ध होते ही जनपद में भी टीकाकरण शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि सर्वाइकल कैंसर भारत में महिलाओं में होने वाला दूसरा प्रमुख कैंसर है। एचपीवी टीकाकरण जिला महिला अस्पताल सहित सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) पर किया जाएगा। यह सिंगल डोज टीका होगा।

उन्होंने बताया कि अभियान के प्रारंभिक तीन महीनों तक टीकाकरण सप्ताह के सभी कार्यदिवसों में संचालित किया जाएगा। इसके बाद यह टीका नियमित टीकाकरण कार्यक्रम के अंतर्गत प्रत्येक बुधवार एवं शनिवार को पूरे वर्ष उपलब्ध रहेगा।

जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. अरुण कुमार ने बताया कि इस अभियान के तहत 14 वर्ष आयु की वे सभी किशोरियां लाभार्थी होंगी, जिन्होंने अपना 14वां जन्मदिन मना लिया है, लेकिन अभी 15वां जन्मदिन नहीं मनाया है। उन्होंने बताया कि कुल जनसंख्या का लगभग एक प्रतिशत किशोरियां इस आयु वर्ग में आती हैं।

टीकाकरण के लिए पंजीकरण अभिभावक स्वयं यू-विन पोर्टल पर कर सकेंगे। पंजीकरण के उपरांत ओटीपी के माध्यम से डिजिटल सहमति प्रदान की जाएगी। आयु सत्यापन हेतु पहचान पत्र अनिवार्य होगा। टीकाकरण प्रमाणपत्र भी यू-विन पोर्टल से डाउनलोड किया जा सकेगा। राज्य परामर्श दाता(HPV )मो नसीम ने प्रशिक्षण पूर्ण कराया l

जिला स्वास्थ्य शिक्षा एवं सूचना अधिकारी डी.एस. अस्थाना ने बताया कि टीकाकरण एएनएम, स्टाफ नर्स, एलएचवी (लेडी हेल्थ विजिटर) एवं सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएचओ) द्वारा किया जाएगा। इसके लिए संबंधित स्वास्थ्यकर्मियों को प्रशिक्षित किया जाएगा तथा संपूर्ण कार्यक्रम के लिए माइक्रोप्लान तैयार किया जाएगा।

समुदाय में जागरूकता बढ़ाने और पात्र किशोरियों को स्वास्थ्य केंद्रों तक लाने में आशा एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। इसके अतिरिक्त जन आरोग्य समिति, महिला आरोग्य समितियों एवं अन्य स्वास्थ्य कर्मियों का भी सहयोग लिया जाएगा।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में डा राकेश कुमार यादव अर्बन नोडल,जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी अंजली सिंह, डा सी लाल who, वन्दना त्रिपाठी डीएमसी यूनिसेफ समस्त अधीक्षक, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी, बीपीएम, एआरओ एवं सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधि सहित कुल 49 प्रतिभागी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *