‘हमारा आंगन–हमारे बच्चे’ ब्लॉक स्तरीय उत्सव में निपुण विद्यार्थियों का सम्मान

रायबरेली। निपुण भारत मिशन के अंतर्गत प्राथमिक शिक्षा को मजबूत करने और अभिभावकों को जागरूक करने के उद्देश्य से नगर संसाधन केंद्र, पुलिस लाइन में ‘हमारा आंगन–हमारे बच्चे’ ब्लॉक स्तरीय उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बच्चों की प्रतिभा और रचनात्मक कौशल को मंच प्रदान किया गया।

मुख्य अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी सुरेन्द्र प्रताप ने कहा कि इस उत्सव का उद्देश्य बच्चों को सीखने के लिए प्रेरित करना और उनकी छिपी प्रतिभा को निखारना है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ता है और शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार होता है।

बाल विकास विभाग की ओर से सीडीपीओ प्रतिनिधि आस्था मिश्रा ने भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम का संचालन एआरपी आशीष तिवारी ने किया।

इस अवसर पर नोडल शिक्षक संकुल सपना द्विवेदी, संकुल शिक्षक जुबिया परवीन, सुरभि शर्मा, दीपशिखा और प्राथमिक शिक्षक संघ के नगर अध्यक्ष पंकज द्विवेदी ने भी शिक्षा की गुणवत्ता पर बल दिया।

कार्यक्रम में नगर क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के निपुण विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कंपोजिट विद्यालय पुलिस लाइन की आराध्या (कक्षा 2), कंपोजिट विद्यालय किला बाजार के शाद अली (कक्षा 1), कंपोजिट विद्यालय चक अहमदपुर की अमूल्या (कक्षा 2), प्राथमिक विद्यालय दशाश नगर की शहनाज (कक्षा 2) तथा कंपोजिट विद्यालय बेलीगंज की आकृति सिंह (कक्षा 2) सहित कुल 20 विद्यार्थियों को सम्मान पत्र प्रदान किए गए।

कार्यक्रम में नगर क्षेत्र के प्रधानाध्यापक, आंगनवाड़ी कार्यकत्रियां एवं अभिभावक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *