जेडीयू ने मुख्यमंत्री को सौंपा ज्ञापन
– किसानों के लिए त्वरित राहत की मांग
बांदा। बुंदेलखंड क्षेत्र में हाल ही में हुई असमय वर्षा और ओलावृष्टि ने किसानों की पकी हुई फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया है, जिससे पूरे क्षेत्र में किसानों के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। इस मुद्दे को लेकर जेडीयू की प्रदेश उपाध्यक्ष एवं बुंदेलखंड प्रभारी शालिनी सिंह पटेल के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने मंडल आयुक्त चित्रकूट धाम मंडल के माध्यम से उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को ज्ञापन सौंपकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। ज्ञापन में कहा गया है कि खेतों में खड़ी और कटाई के लिए तैयार फसलें पूरी तरह बर्बाद हो चुकी हैं, जिससे किसानों की महीनों की मेहनत पर पानी फिर गया है और उनके सामने आजीविका का संकट उत्पन्न हो गया है। शालिनी सिंह पटेल ने अपने वक्तव्य में कहा कि किसान प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और इस कठिन समय में सरकार को उनके साथ खड़ा होना चाहिए। उन्होंने मांग की कि प्रभावित क्षेत्रों में तुरंत सर्वे कराकर वास्तविक नुकसान का आकलन किया जाए और किसानों को शीघ्र उचित मुआवजा दिया जाए, साथ ही जिन किसानों की पूरी फसल नष्ट हो चुकी है उनके लिए विशेष राहत पैकेज की घोषणा की जाए। इसके अतिरिक्त किसानों के ऋण, बिजली बिल एवं अन्य देनदारियों में भी तत्काल राहत देने की मांग उठाई गई। इस अवसर पर जेडीयू के वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष बाबूलाल चौधरी, जिला सचिव शालिनी सविता, जिला उपाध्यक्ष अखिलेश यादव, ब्लॉक अध्यक्ष महुवा धर्मेंद्र कुमार एवं सत्यनारायण सविता सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे। प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई कि सरकार इस गंभीर स्थिति को प्राथमिकता देते हुए जल्द से जल्द ठोस कदम उठाएगी ताकि किसानों को राहत मिल सके और उनकी आर्थिक स्थिति को संभाला जा सके।