– 80 हजार नकदी समेत दो गिरफ्तार
जसपुरा/बांदा। पानी की बोतलों में अंग्रेजी शराब भरकर उसमें केमिकल मिलाकर उसकी तीव्रता बढ़ाने और फिर महंगी शराब के नाम पर बेचने वाले दो शातिर कारोबारियों को जसपुरा पुलिस ने गिरफ्तार किया है।पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 30 लीटर अपमिश्रित अंग्रेजी शराब,बिक्री से प्राप्त 80 हजार रुपये नकद,75 खाली शराब की बोतलें और एक डस्टर कार बरामद की है।पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।शनिवार रात जसपुरा थाना पुलिस रामपुर चैड़गरा चैराहे पर गश्त और वाहन चेकिंग कर रही थी।इसी दौरान रामपुर गांव की ओर से आ रही एक डस्टर कार पुलिस को देखकर अचानक वापस मुड़ने लगी।संदेह होने पर पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया।तलाशी के दौरान कार से 30 पानी की बोतलों में भरी अवैध अपमिश्रित अंग्रेजी शराब,80 हजार रुपये नकद और 75 खाली अंग्रेजी शराब की बोतलें बरामद हुईं।पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे शराब के ठेकों से अंग्रेजी शराब खरीदते थे,उसे पानी की बोतलों में भरकर सुनसान स्थानों पर ले जाते और उसमें केमिकल मिलाकर उसकी तीव्रता बढ़ा देते थे।इसके बाद शराब को दोबारा खाली ब्रांडेड बोतलों में भरकर अधिक कीमत पर बेचते थे।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान योगेश निवासी अलोना थाना पैलानी और जितेंद्र निवासी खिन्नीनाका थाना कोतवाली नगर के रूप में हुई है।दोनों के खिलाफ जसपुरा थाने में धारा 318(4), 274 बीएनएस तथा 60 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक ऋषिदेव सिंह, उपनिरीक्षक धर्मचंद्र,आरक्षी राजकुमार बिंद,आरक्षी अंकित चैधरी और पीआरडी जवान संतोष शामिल रहे।