मौदहा, हमीरपुर। ग्राम रीवन में धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान युवक पर तमंचे से फायर किए जाने का मामला सामने आया है। घटना को लेकर पीड़ित राहुल दीक्षित पुत्र बालकिशन दीक्षित ने पुलिस अधीक्षक हमीरपुर को प्रार्थना-पत्र देकर फायरिंग की घटना को विवेचना में उचित रूप से शामिल किए जाने तथा निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है।
एसपी को दिए प्रार्थना-पत्र के अनुसार, 17 सितंबर 2026 को ग्राम रीवन में धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान योगी उर्फ यक्षम श्रीवास्तव पुत्र सियाराम श्रीवास्तव द्वारा कथित रूप से राहुल दीक्षित की ओर तमंचा तानकर फायर किया गया ,जिससे फायर मिस हो गया । प्रार्थना-पत्र में कहा गया है कि गोली राहुल को नहीं लगी और वह बाल-बाल बच गया। फायरिंग के बाद कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी और भय का माहौल बन गया।
प्रार्थना-पत्र के मुताबिक, घटना के बाद आरोपी द्वारा राहुल को धमकी देने तथा मौके से भागने का प्रयास किए जाने का भी आरोप है। ग्रामीणों द्वारा आरोपी के पास से तमंचा अपने कब्जे में लेकर पुलिस को सूचना दिए जाने की बात कही गई है। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी तथा बरामद हथियार के संबंध में कार्रवाई की गई।
पीड़ित का कहना है कि घटना के संबंध में थाना मौदहा में एफआईआर दर्ज की गई है तथा शस्त्र अधिनियम की धारा 3/25 के तहत कार्रवाई और तमंचा-कारतूस की बरामदगी का उल्लेख है। हालांकि, पीड़ित ने एसपी से शिकायत कर आरोप लगाया है कि तमंचे से फायर किए जाने की वास्तविक घटना को भी विवेचना में गंभीरता से शामिल किया जाना चाहिए और मामले को केवल अवैध हथियार की बरामदगी तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए।
वीडियो और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान शामिल करने की मांग
पीड़ित ने एसपी से मांग की है कि घटना के सभी प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जाएं तथा उपलब्ध वीडियो, सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल रिकॉर्डिंग और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को सुरक्षित कर विवेचना में शामिल किया जाए। साथ ही बरामद तमंचे एवं कारतूस की आवश्यक फोरेंसिक/बैलिस्टिक जांच कराने की मांग की गई है।
प्रार्थना-पत्र में यह भी कहा गया है कि पुलिस इस बात की जांच करे कि कथित फायर किस दिशा में किया गया और किस व्यक्ति को लक्ष्य करके किया गया था। इसके अलावा घटना के बाद दी गई कथित धमकी की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई है।
वरिष्ठ अधिकारी से विवेचना की निगरानी की मांग
राहुल दीक्षित ने मामले की विवेचना की निगरानी किसी वरिष्ठ पुलिस अधिकारी से कराने की मांग की है, ताकि निष्पक्ष जांच हो सके। साथ ही पीड़ित और उसके परिवार की सुरक्षा तथा किसी प्रकार का दबाव, धमकी या समझौते के लिए मजबूर किए जाने की स्थिति में तत्काल कार्रवाई की मांग की गई है।
पीड़ित की बाइट