कूटरचित नियुक्ति पत्र देकर सरकारी नौकरी लगवाने का झांसा देते हुए की थी ठगी
बांदा। पुलिस अधीक्षक बांदा पलाश बंसल के कुशल निर्देशन में जनपद में अपराध एवं अपराधियों पर नियंत्रण लगाए जाने एवं वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु चलाए जा रहे अभियान के क्रम में आज थाना मटौंध पुलिस द्वारा कूटरचित नियुक्ति पत्र देकर सरकारी नौकरी लगवाने का झांसा देते हुए 15 लाख रुपये की ठगी करने वाले वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया गया । गौरतलब हो कि थाना कोतवाली नगर क्षेत्र निवासी जितेन्द्र कुमार द्वारा 5 दिसंबर 25 को थाना मटौंध पर सूचना दी गई कि थाना मटौंध क्षेत्र के ग्राम अछरौड़ निवासी विनोद कुमार द्वारा उसे इण्टर कालेज में बाबू के पद पर सरकारी नौकरी लगवाने का झांसा देकर 15 लाख रुपये लिए गए तथा विश्वास में लेने के लिए उसे कूटरचित नियुक्ति पत्र भी दे दिया गया और बांदा स्थित कॉलेज में जाकर नौकरी ज्वाइन करने के लिए कहा गया । पीड़ित द्वारा जानकारी हुई तो पता चला कि वहां बाबू के पद जैसी कोई नियुक्ति नहीं हुई है तब उसे ठगी का एहसास हुआ । तत्पश्चात पीड़ित द्वारा अपने 15 लाख रुपये वापस मांगे गए तो अभियुक्त द्वारा रुपये वापस करने से इनकार किया गया तथा जान से मारने की धमकी दी गई । सूचना के आधार पर थाना मटौंध पर अभियोग पंजीकृत कर अभियुक्त की गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीम द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे थे । इसी क्रम में आज थाना मटौंध पुलिस द्वारा मुखबिर की सूचना पर वांछित अभियुक्त विनोद कुमार को खैराड़ा रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार कर लिया गया । गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है । गिरफ्तार अभियुक्त का नाम विनोद कुमार पुत्र बाबू निवासी अछरौड़ थाना मटौंध जनपद बांदा है।