बदौसा (बांदा)। क्षेत्र में पिछले 48 घंटों से जारी मूसलाधार बारिश और आंधी के चलते शनिवार तड़के करीब चार बजे एक बड़ा हादसा टल गया। नदी मार्ग पर स्थित एक पुराने पीपल के पेड़ की भारी-भरकम डाल अचानक चरमराकर ढह गई। पेड़ का तना सुरक्षित खड़ा रहा, लेकिन आंशिक रूप से टूटी विशाल डाल नंदकिशोर विश्वकर्मा, अजय विश्वकर्मा और मनोज माहुले के मकानों की छतों पर जा टिकी, जिससे मोहल्ले में हड़कंप मच गया।

डाल गिरने से घरों के घरेलू बिजली के तार टूटकर बिखर गए। पितृपक्ष का पहला दिन होने के कारण नदी मार्ग पर ग्रामीणों की आवाजाही थी, जिससे करंट फैलने का गंभीर खतरा पैदा हो गया। हालांकि, स्थानीय ग्रामीणों ने सूझबूझ दिखाते हुए लाठी-डंडों से सक्रिय तारों को काटकर दूर किया और एक बड़ी अनहोनी टाल दी।

डाल छतों पर टिकने से नीचे मार्ग पर आंशिक जगह बची है, जहां से लोग बचते-बचाते आ-जा रहे हैं। डाल व पत्तों की अधिकता के कारण छतों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट नहीं है, जिससे मकानों के क्षतिग्रस्त होने की गंभीर आशंका है। पीड़ितों ने वन विभाग से तत्काल डाल हटवाने और प्रशासन से क्षति का आकलन कराकर आर्थिक सहायता देने की गुहार लगाई

है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *