बांदा। बदौसा थाना एवं लमेहटा चौकी क्षेत्र के ग्राम नांदन मऊ निवासी मनोज साहू पुत्र रामराज ने रंजिशन घर में घुसकर पत्नी के साथ गाली गलौच एवं मारपीट करने तथा विरोध करने पर उसके सिर में कुल्हाड़ी से जानलेवा वार करने का आरोप लगाते हुए बड़े भाई वीरेंद्र एवं भाभी चमेलिया के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है । मनोज साहू ने शुक्रवार को पुलिस को दी गई तहरीर में अवगत कराया कि विगत 19 सितंबर की शाम भाई वीरेंद्र एवं भाभी चमेलिया घर आकर मेरी पत्नी को गाली देते हुए मारपीट करने लगे । मेरे बीच बचाव करने पर मेरे सिर में कुल्हाड़ी से वार कर दिया । शोर सुनकर पड़ोसियों के आ जाने पर वह लोग जान से मारने की धमकी देते हुए चले गए ।थानाध्यक्ष राधाकृष्ण तिवारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मामला पंजीकृत कर जांच चौकी प्रभारी प्रशांत कुमार त्यागी को सौंपी गई है ।