-चार आरोपितों पर मारपीट व धमकी का मुकदमा, ’ग्रामीणों के पहुंचने पर भागे

बांदा। मरका थाना क्षेत्र के औदहा गांव में गुरुवार देर शाम उस समय हंगामा मच गया, जब एक युवक महिला के घर पहुंचा और पति के बारे में पूछताछ करने के बाद उसके साथ डंडे से मारपीट शुरू कर दी। पत्नी की चीख-पुकार सुनकर बचाने पहुंचे पति पर भी आरोपितों ने साथियों के साथ मिलकर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। शोर सुनकर ग्रामीण दौड़े तो आरोपित जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग निकले। मारपीट में दंपती को चोटें आई हैं। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

औदहा गांव निवासी जयकरण विश्वकर्मा की पत्नी पिंकी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 24 सितंबर की शाम करीब साढ़े पांच बजे गांव का योगेश सिंह उसके घर आया। उसने पति के बारे में पूछा। पति के किसी काम से बाहर जाने की जानकारी देने पर आरोप है कि योगेश ने डंडे से उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।

पिंकी के शोर मचाने पर पति जयकरन उसे बचाने पहुंचा तो आरोप है कि योगेश सिंह के साथ आए योगेंद्र सिंह, दिनेश सिंह और ज्ञान सिंह ने गाली-गलौज करते हुए दोनों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से गांव में अफरा-तफरी मच गई। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो आरोपित जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले।

पीड़िता के अनुसार मारपीट में उसे और उसके पति को चोटें आई हैं। मामले में पुलिस ने तहरीर के आधार पर चार आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *