वाराणसी। चोलापुर क्षेत्र में एक अस्पताल का संचलन करने वाले व्यक्ति पर बदमाशों द्वारा फायरिंग किये जाने की सूचना से पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। घटना बीते रविवार को आधी रात के वक्त का बताया गया है। हमले में अस्पताल संचालक की जान बाल बाल बच गई। मामले की जानकारी होते ही पुलिस के आलाधिकारियों ने मौका मुआयना करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार मूल रूप से बलिया निवासी डॉ अरुण कुमार सिंह चोलापुर में एक अस्पताल का संचालन करते हैं। घटना को शिवपुर क्षेत्र में रिंग रोड में पास तब अंजाम दिया गया जब डॉ अरुण एक अस्पताल से मरीज को देखकर वापस जा रहे थे। अरुण के मुताबिक, रतनूपुर जौनपुर निवासी एक व्यक्ति ने उनसे एक लाख उधार लिया था। काफी दिनों के बाद भी जब उसने पैसे वापस नहीं लौटाए तो उसे फोन किया और पैसे वापस मांगे। इस पर उसने जान से मारने की धमकी दी। डॉ अरुण के मुताबिक 22 अगस्त को भी चोलापुर स्थित उनके हॉस्पिटल पर चार-पांच की संख्या में नकाबपोश बदमाश भेजकर जानलेवा हमला किया गया था, जिसकी पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। अरुण कुमार ने घटना की जानकारी लिखित रूप में चोलापुर थाने में दी। लेकिन फिर भी इस पर कोई संज्ञान नहीं लिया गया। जिससे अपराधियों का मनोबल और बढ़ गया और बीते रविवार की देर रात अरुण पर तीन राउंड फायरिंग की गई, जिसमें वो बाल-बाल बचे वहीं फायरिंग की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। इसके बाद एसीपी कैंट डॉ अतुल अंजान ने घटनास्थल पर पहुंचकर छानबीन की है। इसके अलावा इस मामले की तहकीकात के लिए पुलिस फॉरेंसिक टीम की भी सहायता ले रही है।