वाराणसी। भेलूपुर थाना क्षेत्र के शिवाला स्थित एक होटल के रूम नंबर 26 में कोयंबटूर के रहने वाले सैलानी दंपति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं घटना की छानबीन में जुटी रही कोयंबटूर के रहने वाले रेवंथ मोहनराज (47 वर्ष) और उनकी पत्नी श्रीसीजे (46 वर्ष) 18 अगस्त को वाराणसी आए हुए थे। अस्सी के शिवाला में एक होटल में कमरा लेकर रह रहे थे। होटल स्टाफ के अनुसार दक्षिण भारतीय दंपति ने दो दिन पहले लस्सी का आर्डर किया था। उसके बाद खाने-पानी के लिए कुछ नहीं मंगाया। वहीं कमरे का दरवाजा भी नहीं खुला। दो दिन बाद शक होने पर होटल के स्टाफ पहुंचे तो दरवाजा नहीं खुला। इसके बाद होटल मैनेजमेंट को सूचना दी। होटल मैनेजमेंट ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची मास्टर की के जरिये दरवाजा खुलवाकर अंदर दाखिल हुई तो दंपति का शव बिस्तर पर पड़ा मिला मौके पर पहुंचे डीसीपी आरएस गौतम ने बताया कि कोयंबटूर के रहने वाले दंपति 18 को आए थे। उन्हें 28 को वापस जाना था। तीन दिनों से कमरे से बाहर नहीं निकले तो होटल मैनेजमेंट ने पुलिस को सूचित किया। दोनों का शव बिस्तर पर पड़ा मिला। इसके पास से दवाइयां बरामद की गई हैं। दोनों ने होटल स्टाफ को खुद के डाक्टर होने की बात बताई थी। मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल पाएगा।