बांदा। पानी भरने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया था, जिसका मुकदमा न्यायालय में विचाराधीन है। इसी रंजिश को लेकर सोमवार की रात दबंग पड़ोसी ने घर में घुसकर मां-बेटे समेत तीन लोगों पर तलवार से हमला कर दिया। जिससे तीनों लोग घायल हो गये। शोर सुनकर आसपास के लोग भी वहां पहुंच गये। इस बीच हमलावर मौका देखकर फरार हो गये। तीनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है।
बदौसा थाना क्षेत्र के पौहार गांव निवासी सुनील 20 पुत्र कल्लू निषाद सोमवार की रात उमस होने के कारण घर के बाहर लेटा था। इसी बीच दबंग पड़ोसी वहां आ धमके और गाली-गलौज करने लगे। सुनील ने इसका विरोध किया। दबंगों ने उसके सीने में तमंचा लगाकर तलवार से हमला कर दिया। शोर सुनकर मां गीता 40, बहन गुड़िया 21 बचाने आई तो उनके ऊपर भी तललवार से वार कर दिया। जिससे तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गये। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गये। तीनों घायलों को बदौसा के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां से तीनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घायल सुनील ने बताया कि 2020 में उसकी बहन गुड़िया घर के बाहर लगे हैंडपंप पर पानी भरने गई थी। वहीं पर पड़ोसी नर्बदा की पत्नी खड़ी थी। पानी के छींटे पड़ जाने से दोनों के बीच विवाद हो गया। दोनों पक्षों में मारपीट भी हुई थी,जिसका मुकदमा न्यायालय में विचाराधीन है। इसी खुन्नस के चलते उनके साथ मारपीट की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *