वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 23 सितंबर को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के दौरे पर आएंगे। पीएम यहां लगभग पांच घंटे रहेंगे। इस दौरान काशीवासियों को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, अटल आवासीय विद्यालय समेत करोड़ों की सौगात देंगे। वहीं जनसभा को संबोधित करेंगे। पीएम संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय से सिगरा रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर तक रोड शो भी कर सकते हैं। ऐसे में शासन-प्रशासन तैयारी में जुटा है लोकसभा चुनाव से पहले प्रधानमंत्री का वाराणसी दौरा अहम माना जा रहा है। पीएम अपने संसदीय क्षेत्र की जनता को करोड़ों की सौगात देंगे। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के शिलान्यास के दौरान पीएम के साथ मंच पर क्रिकेट के दिग्गज खिलाड़ी भी मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम की तैयारी इस तरह से की गई है कि पीएम जनता के बीच ज्यादा से ज्यादा समय व्यतीत करें। गंजारी में बने हेलीपैड से जनसभा स्थल तक खुली जीप में सवार होकर लोगों का अभिवादन स्वीकार करेंगे। वहीं संपूर्णानंद विश्वविद्यालय से रुद्राक्ष सेंटर तक मिनी रोड शो कर सकते हैं जनसभा सभास्थल को 24 ब्लॉकों में बांटा गया है। सभी ब्लॉकों के बीच से एक गलियारा बनाया जा रहा है। गलियारे के जरिए प्रधानमंत्री कार्यकर्ताओं से जुड़ेंगे। पीएम गंजारी सभास्थल पर ही लगभग 30 एकड़ में प्रस्तावित अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम की आधारशिला रखेंगे। वहीं अटल आवासीय विद्यालय शिक्षा क्षेत्र के लिए समर्पित करेंगे। वाराणसी सहित 14 मंडलों में निर्मित अटल आवासीय विद्यालय का लोकार्पण करेंगे। इसके बाद संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में दुर्लभ पांडुलिपियों का अवलोकन करने के साथ ही रुद्राक्ष में छात्रों के साथ संवाद करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *