वाराणसी। बनारस सांस्कृतिक, धार्मिक एवं आध्यात्मिक उत्सव के लिए तो विश्व प्रसिद्ध है ही किन्तु पिछले वर्ष बनारस की पावन भूमि पर एक और उत्सव की शुरुआत हुई, जो अपने प्रथम वर्ष से ही वैश्विक स्तर पर स्थापित हो गया। मणिकर्णिका अंतरराष्ट्रीय फिल्म उत्सव का प्रथम वर्ष सफल रहा। जिसमें भारत समेत 14 अन्य देशों की 60 फीचर फिल्म एवं लघु फिल्मों का चार दिवसीय प्रदर्शन किया गया और साथ ही सिनेमा के विभिन्न विभागों को 26 पुरस्कार दिया गया। इसके अलावा स्थानीय प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के लिए पूर्वांचल श्रेणी में 3 पुरस्कार दिया गया था।
विगत वर्ष की तरह इस वर्ष भी बनारस में मणिकर्णिका अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोह का आयोजन मणिकर्णिका फिल्म फेस्टिवल ट्रस्ट एवं नागरी नाटक मंडली ट्रस्ट के संयुक्त तत्वाधान में नागरी नाटक मंडली के प्रेक्षागृह में हो रहा है। दिनांक 13 अक्टूबर से 15 अक्टूबर तक चलने वाले इस फिल्म समारोह में भारत सहित 18 देशों की लगभग 20 फीचर फिल्म एवं 36 लघु फिल्मों का प्रदर्शन किया जायेगा, जो प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से रात्रि 8 बजे तक चलेगा। समारोह का उद्घाटन 13 अक्टूबर को सुबह 10 बजे मुख्य अतिथि अभिनेता सौरभ शुक्ला एवं अभिनेता दीपक तिजोरी एवं अभिनेता मुकेश तिवारी के कर कमलों द्वारा किया जाएगा।
इस वर्ष प्रदर्शित फिल्मों के निर्देशकों की उपस्थिति भी विगत वर्ष से ज्यादा होगी। जिस से दर्शक गण सवाल जवाब सत्र में सिनेमा की बारीकियों से और भी ज्यादा अवगत हो सकेंगे। साथ ही इस वर्ष साहित्य अकादमी के सौजन्य से सिनेमा के साहित्यिक पहलू भी परिचर्चा के सत्र का आयोजन किया गया है। जो निःसंदेह सिनेमा प्रेमियों के लिए ज्ञानप्रद होगा।
नागरी नाटक मंडली ट्रस्ट एवं मणिकर्णिका फिल्म फेस्टिवल ट्रस्ट प्रतिवर्ष इस अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोह में नये आयाम जोड़ने के लिए और मनोरंजन के साथ ही बनारस को विश्व सिनेमा से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है। इस वर्ष भी बड़ी संख्या में भारतीय और विश्वस्तरीय सिनेमा का प्रदर्शन होगा और साथ ही दर्शक और निर्देशक के बीच संवाद होगा। सिनेमा के हर पहलू पर बात होने से दर्शकों में सिनेमा के प्रति दिलचस्पी भी बढ़ेगी और सकारात्मक एवं कलात्मक नज़रिया भी विकसित होगा।
बनारस से जुड़े प्रतिभाशाली युवाओं को फिल्म निर्माण से जोड़ने के लिए इस वर्ष भी समारोह में पूर्वांचल श्रेणी रखी गई है। जिसमें बनारस और आसपास के युवा फिल्म मेकर की फिल्मों का चयन किया गया है। फिल्म जगत से कई हस्तिओं को इस समारोह में आमंत्रित किया जा रहा है, उनका योगदान, उनका अनुभव और उनकी उपस्थिति फिल्म समारोह को ज्यादा सक्रिय और सफल बनायेगी और साथ ही उनके साथ सीधे संवाद से दर्शक ज्यादा लाभान्वित होंगे।
यह फिल्म समारोह श्री नागरी नाटक मंडली ट्रस्ट एवं मणिकर्णिका फिल्म फेस्टिवल ट्रस्ट के संयुक्त प्रयास से संभव हो पा रहा है, कला निर्देशक एवं निर्देशक सुमित मिश्रा फेस्टिवल डायरेक्टर है और डॉ अजीत सेगल फेस्टिवल के अध्यक्ष हैं। नागरी नाटक मंडली के प्रेसिडेंट डॉ संजय मेहता इस समारोह के चेयरमैन हैं और रतिशंकर त्रिपाठी, सुमन पाठक एवं आशुतोष चतुर्वेदी जैसे कलात्मक दिग्गज इस कलात्मक सेतु के स्तंभ हैं।