क्रासरःपुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
बांदा। ससुराल आए युवक को वाहन ने टक्कर मार दी। युवक बाइक समेत पानी भरी खंती में जा गिरा। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। उसकी बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हमीरपुर जिले के राठ निवासी कमलेश (26) पुत्र सुंदर बुधवार को बाइक से पत्नी मिथला, पुत्री गुना और पुत्र बाबू के साथ अपनी ससुराल मटौंध लालू के घर आया था। पत्नी और बच्चों को छोड़ने के बाद गुरुवार की दोपहर कमलेश घूमने जाने की बात कहकर बाइक से निकल गया। रात को मटौंध कस्बे के पेट्रोल पंप के पास अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी, जिससे कमलेश बाइक समेत नजदीक स्थित खंती में जा गिरा। इससे उसकी मौत हो गई। वहां से गुजर रहे राहगीरों ने देखा तो घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को पानी से बाहर निकाल लिया। उसके पास मिले मोबाइल नंबर पर परिजनों को सूचना दी। सूचना पाकर परिजन भी मौके पर पहुंच गए। मृतक के परिजनों ने बताया कि कमलेश मजदूरी करता था। वह अपनी ससुराल मटौंध आया था। थानाध्यक्ष रामदिनेश का कहना है कि वाहन की टक्कर लगने से कमलेश की मौत हुई है।