छेड़खानी का विरोध करना पड़ा भारी, दबंगों ने वृद्ध को पीटा
बांदा। बहू के साथ छेड़छाड़ का विरोध करने पर ससुर को तीन आरोपितों ने लाठी से हमलाकर लहूलुहान कर दिया। पुलिस ने एक पखवारा बाद छेड़छाड़ और मारपीट की रिपोर्ट दर्ज की।
नरैनी कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की रहनेवाली 35 वर्षीय महिला एक पखवारा पहले अपने ससुर और बच्चों के साथ बरामदे में सोई थी। पड़ोसी दबंग हाथ में तमंचा लेकर घर में घुस आया। महिला के साथ छेड़छाड़ करने लगा। महिला के शोर मचाने पर ससुर की नींद खुल गई। ससुर ने आरोपित को ललकारा तो तमंचा लहराते हुए मौके से फरार हो गया। पीड़िता ने घटना की तहरीर पुलिस को दी। लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। पीड़िता ने एसपी से गुहार लगाई। इसके बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। बुधवार शाम 65 वर्षीय ससुर तलाब किनारे बकरी चरा रहा था। आरोपित लवकुश समेत तीन लोग आ धमके और गाली गलौज करने लगे। विरोध करने पर तीनों ने लाठियों से हमला कर दिया, जिससे बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित मौके से फरार हो गए। घायल को सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां डाक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पीड़ित के परिजनों का कहना है कि आरोपित गांव की अन्य महिलाओं के साथ भी छेड़ाछाड़ कर चुका है। दबंगई के चलते किसी भी महिला ने उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई है। घायल के बेटे की तहरीर पर लवकुश, उसके भाई चुन्नू , दोस्त सुशील के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *