वाराणसी। पंडालों में नवरात्र की सप्तमी तिथि से दुर्गा प्रतिमाओं को स्थापित कर दर्शन-पूजन शुरू होता है, लेकिन निराली काशी के बांसफाटक घुघुरानी गली स्थित शहीद स्मृति मंदिर में नवरात्र के नौ दिन माता की प्रतिमा स्थापित रहती है। भक्त माता के दर्शन-पूजन करते हैं। इस बार भी दुर्गा पूजा में भव्य इंतजाम किए गए हैं।
दुर्गा पूजा के व्यवस्थापक हरेंद्र कुमार सेठ ने बताया कि यह परंपरा पिछले 68 वर्षों से चली आ रही है। सबसे पहले 1956 में यहां प्रतिमा स्थापित की गई थी। हर साल नई-नई प्रतिमाएं स्थापित की जाती हैं। इसके लिए पक्का पंडाल बनाया गया है। वहीं श्रद्धालुओं की सुरक्षा व सुविधा के लिए भी व्यापक इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने बताया कि प्रशासन का भी पूरा सहयोग मिल रहा है।
बताया कि एडिशनल सीपी के साथ मीटिंग में चर्चा की गई। मानक के अनुरूप ही पूजा पंडाल में श्रद्धालुओं को दर्शन कराया जाएगा। बताया कि भोजपुरी गायक गायक व भाजपा नेता मनोज तिवारी ने 2001 में यहां अपना पहला स्टेज शो किया था। आयोजन में स्थानीय लोगों का काफी सहयोग मिलता है। इस बार भी दुर्गा पूजा सकुशल संपन्न होगी।