क्रासरःकिसान की पत्नी ने क्षेत्रीय विधायक से की शिकायत, कार्रवाई की मांग
नरैनी/बांदा। जमीन को रेहन रखने का झांसा देकर जालसाजी कर अनुसूचित जाति की किसान की जमीन का बैनामा करा ली। पीड़ित किसान की पत्नी ने क्षेत्रीय विधायक को शिकायती पत्र देकर धोखाधड़ी में शामिल ग्राम प्रधान और जमीन का बैनामा दस्तावेज लेखक व खरीददार के विरुद्ध कार्यवाही कराने की मांग की है।
कोतवाली क्षेत्र के बरकोला कला गांव के मजरा शाहबाज पुर गांव निवासी सविता पत्नी कल्लू धोबी ने विधायक ओममणि वर्मा को बताया कि वह अपने दो बच्चों के साथ मध्य प्रदेश के शिवनी में रहकर मजदूरी करती है। उसका पति गांव में किसानी करता है। बताया कि आर्थिक तंगी के कारण उसका पति अपनी जमीन को रेहन रखने के लिए ग्राम प्रधान राजकुमार यादव के पास गया था। ग्राम प्रधान ने कहा कि वह उसकी जमीन को गांव के राजाराम यादव के पास रेहन में रखवाकर रूपये दिला देगा। 30 नवंबर 2018 को ग्राम प्रधान आदि उसके पति को तहसील ले गए थे और जमीन को रेहननामा लिखाने का झांसा देकर 30 हजार रुपए नगद दिए और जालसाजी कर धोखे से उसके गाटा संख्या 32/1 रकबा 0.117 हेक्टेयर जमीन की रजिस्ट्री बगैर सक्षम अधिकारी से अनुमति लिए एक यादव के नाम करवा दी। इसी प्रकार 13 जून 2023 को भूमिधरी जमीन गाटा संख्या 45 रकबा 0.175 हेक्टेयर जमीन का बैनामा उसके पति को बरगला कर धोखे से गांव की राजाबाई पत्नी शिवकुमार के नाम करवा दी। प्रार्थिया और उसके पति को इन दोनो बैनामों की जानकारी नहीं थी। जब उन्होंने तहसील से अपनी भूमि की खतौनी ली, तब उन्हें जानकारी हुई कि उनकी जमीन किसी और के नाम दर्ज हो गई है। पीड़िता ने जालसाजी कर उनके साथ धोखाधड़ी करने वाले ग्राम प्रधान राजकुमार यादव और बैनामा लेखक व जमीन के क्रेताओं के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्यवाही करने की मांग की है। क्षेत्रीय विधायक ओममणी वर्मा ने पत्र लिखकर जिलाधिकारी को अवगत कराया है और अपने स्तर से मामले की जांच कराकर दोषियों के विरुद्ध कार्यवाही कराने के निर्देश दिए हैं।