वाराणसी। घरों के अब दो मकान नंबर हो जाएंगे। नगर निगम ने सदन की मंजूरी न मिलने के बावजूद शहर के आठों जोन को 15 सब जोन में बांटने की व्यवस्था लागू कर दी है। इससे नगरवासियों के लिए मुश्किलें बढ़ गई हैं। उन्हें जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र, नामांतरण, गृहकर आदि के कार्यों में दिक्कत हो सकती है। पार्षदों ने नई व्यवस्था को लेकर विरोध जताया। नगर निगम सदन की अगली बैठक में यह मुद्दा जोर-शोर से उठाया जा सकता है। नगर निगम के अधिकारियों की ओर से यह बदलाव किया गया है। इसका असर नए शहरी क्षेत्रों में नहीं पड़ेगा, बल्कि शहर के पुराने इलाके व पक्के महाल में मकानों के दो नंबर हो जाएंगे। इससे गृहस्वामियों को तमाम तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। हालांकि अधिकारियों की मानें तो नए सब जोन बनाकर सफाई व्यवस्था को दुरूस्त रखने का प्रयास किया जा रहा है अधिकारियों ने इसको लेकर आने वाली समस्याओं के शीघ्र निस्तारण की बात कही है। वैसे, पार्षद नई व्यवस्था से संतुष्ट नहीं है। ऐसे में शुरू से ही विरोध के स्वर उठ रहे हैं।