नरैनी/बांदा। तीन वर्ष का कार्यकाल पूरा हो जाने के बाद हर दिल अजीज सीओ नितिन कुमार सारंग को बरेली स्थानांतरित कर दिया गया। सीओ का तबादला हो जाने से उनके चाहने वालों को रंज तो हुआ, लेकिन उनके कार्यकाल की लोगों ने जमकर तारीफ की। कहा कि सीओ हमेशा गरीब असहायों के लिए संवदेनशील रहे। हादसों में जख्मी होने वाले लोगों की सीओ ने खूब मदद की और उन्हें अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस क्षेत्राधिकारी नितिन कुमार सारंग 8 मार्च 2021 को नरैनी में तैनाती मिली थी। नरैनी सर्किल में उन्होंने 33 महीने काम किया। अपनी तैनाती के दौरान कार्यालय में आने वाले मुलाकाती फरियादियों की बात को गंभीरता से सुनकर संबंधित थाने को त्वरित कार्यवाही करने का आदेश देना, उनके लिए रोज का काम था। इससे सीओ की छवि न्याय प्रिय अधिकारी के तौर पर बन गई। कई बार सड़क दुर्घटनाओं में गंभीर रूप से घायलों को सीओ खुद अस्पताल पहुंचाने में मदद करते देखे गए। उपचार के बाद वह घायल का हाल जानने अस्पताल भी पहुंचे। स्कूलों में जाकर छात्रों से सवाल करना और उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा देने का काम भी सीओ ने किया। यूं कहा जाए कि नरैनी सर्किल में लोग सीओ को न्याय प्रिय अधिकारी के तौर पर बहुत पसंद करते थे, तो अतिश्योक्ति नहीं होगी। पुलिस विभाग द्वारा तीन साल की अवधि का कार्यकाल एक जिले में तैनाती के लिए निर्धारित है। लेकिन पहली बार यहां किसी सीओ ने इतने लंबे समय तक तैनात रहकर काम किया। सीओ नितिन के तबादले से स्थानीय लोगों में उदासी का माहौल है। मालुम हो कि अपर पुलिस महानिदेशक, प्रशासन पुलिस नीरा रावत द्वारा प्रदेश के तमाम जनपदों में तैनात पुलिस क्षेत्राधिकारियों, सहायक पुलिस आयुक्तों और सहायक सेनानायकों का तबादला मंगलवार को किया गया है।