बांदा। बुधवार को अतर्रा में परीक्षा देने के बाद घर जा रहे युवक की बाइक पर पिकअप वाहन ने टक्कर मार दी, इससे परीक्षार्थी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल लाया गया, वहां पर उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जनपद हमीरपुर के बिंवार थाना क्षेत्र अंतर्गत चमरखन्ना गांव निवासी रोहित (25) पुत्र गयाप्रसाद यादव केसीएनआईटी से इलेक्ट्रिीशियन ट्रेड से आईटीआई कर रहा था। बुधवार को परीक्षा देने के बाद वह अतर्रा से बाइक में सवार होकर अपने घर वापस जा रहा था। तभी खड्डी तिगैला के पास सामने से आ रहे पिकअप वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार परीक्षार्थी गंभीर रूप से घायल हो गया। खबर पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, वहां पर उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिवारीजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मृतक दो भाइयों में बड़ा था। पिता किसानी करके परिवार का भरण पोषण करते हैं।