कोहरे की वजह से ट्रेन की रफ्तार नहीं बढ़ा पा रहे चालक
बांदा। रेल यात्रियों को इन दिनों काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कोहरे के चलते एक्सप्रेस ट्रेनों के लेट हो जाने के कारण कई-कई घंटे यात्रियों को स्टेशन में ही गुजारना पड़ रहा है। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि कोहरे की धुंध की बदौलत ट्रेनें विलंब से चल रही हैं। हालांकि रेलवे अधिकारियों ने बताया कि फाग डिवाइस का इस्तेमाल इन दिनों किया जा रहा है, ट्रेन के चालकों को कोहरे की धुंध के दौरान तमाम सहूलियत मिलती है और सिग्नल आदि की जानकारी मिलती है।
पिछले एक पखवारे से कोहरे की धुंध से जहां सड़क यातायात प्रभावित है, वहीं रेल मार्ग में भी यातायात काफी हद तक प्रभावित हुआ है। लंबी दूरी की तमाम एक्सप्रेस ट्रेनों के विलंब से चलने के कारण यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। रेलवे स्टेशन अधीक्षक मनोज शिवहरे ने बताया कि आम तौर पर कोहरे के दौरान रेल यातायात प्रभावित होता है। एक्सप्रेस ट्रेनें विलंब से चल रही हैं। हालांकि संपर्क क्रांति एक्सप्रेस ट्रेन ने काफी हद तक अपना समय मैनेज किया है। स्टेशन अधीक्षक ने बताया कि इन दिनों इंजन में फाग डिवाइस रेलवे के द्वारा लगाई गई है जो कोहरे के दौरान सिग्नल के अलावा अन्य सहूलियत चालक को देती है। ऐसे में चालक को ट्रेन को पटरी पर दौड़ाने में काफी आसानी होती है। स्टेशन प्रबंधक ने यह भी बताया कि कोहरे की धुंध के दौरान चालक अपने स्वविवेक के मुताबिक भी ट्रेन की रफ्तार बढ़ाता और घटाता है। उन्होंने कहा कि कोहरे के चलते ट्रेनें विलंब से न चलें, इसके लिए रेलवे के द्वारा हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। रेलवे अधिकारियों ने यह भी बताया कि कोहरे के दौरान सिग्नल आदि की जानकारी के लिए काफी समय पहले पटरियों पर पटाखे लगाए जाते थे, इससे चालक को इस बात का आभास होता था कि आगे सिग्नल है। फाग डिवाइस की वजह से अब पटाखे लगाए जाने का काम काफी हद तक कम हो गया है। रेलवे अधिकारियों ने कहा कि ट्रेनों को समय से संचालित करने के लिए रेलवे के द्वारा पूरे प्रयास किए जा रहे हैं। बताया कि रेल यात्रियों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए रेलवे हर संभव प्रयास करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *