जसपुरा/बांदा। कस्बा जसपुरा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) की चहारदीवारी जर्जर हालत में पहुंचकर कई स्थानों से टूटकर गिर गई है। इससे पूरा स्वास्थ्य केंद्र पूरी तरह असुरक्षित हो गया है। चहारदीवारी टूट जाने के कारण आए दिन जंगली जानवर और आवारा पशु अस्पताल परिसर में घुस आ रहे हैं, जिससे कर्मचारियों, मरीजों और उनके तीमारदारों की सुरक्षा पर खतरा मंडरा रहा है।
सीएचसी जसपुरा क्षेत्र का प्रमुख स्वास्थ्य केंद्र है, जहां ग्रामीण इलाकों से बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि रात के समय स्थिति और भी भयावह हो जाती है। दीवार न होने से अस्पताल परिसर में जानवरों का जमावड़ा लगा रहता है और कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही नई बाउंड्री वॉल का निर्माण करा दिया जाए तो स्वास्थ्य केंद्र में कार्यरत कर्मचारियों के साथ-साथ मरीज भी सुरक्षित महसूस करेंगे और इलाज में किसी प्रकार की बाधा नहीं आएगी। इस संबंध में सीएचसी अधीक्षक पवन पटेल ने बताया कि चहारदीवारी की जर्जर स्थिति की सूचना पहले ही मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) बांदा को दे दी गई है। उन्होंने बताया कि सीएमओ स्वयं मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण कर चुके हैं। इसके अलावा जिलाधिकारी बांदा भी अपने जसपुरा भ्रमण के दौरान स्वास्थ्य केंद्र की टूटी हुई चहारदीवारी को देख चुकी हैं। सीएचसी अधीक्षक ने उम्मीद जताई कि जल्द ही बाउंड्री वॉल निर्माण को लेकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल सुरक्षा व्यवस्था न होने से स्वास्थ्य केंद्र में आने वाले मरीजों और कर्मचारियों को असुरक्षा के माहौल में रहना पड़ रहा है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए जल्द से जल्द नई चहारदीवारी का निर्माण कराया जाए, ताकि स्वास्थ्य सेवाएं सुरक्षित और सुचारु रूप से संचालित हो सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *