गुरुग्राम | बढ़ती ठंड के बीच सड़क पर रहने वाले एवं कामकाजी बच्चों को सर्दी से राहत दिलाने के उद्देश्य से सामाजिक संस्था चेतना द्वारा ‘गर्मी की झप्पी 3.0’ अभियान का सफल आयोजन किया गया। यह अभियान चेतना (चाइल्डहुड एनहैंसमेंट थ्रू ट्रेनिंग एंड एक्शन) के तत्वावधान में संचालित किया गया।
इस पहल के अंतर्गत शहर की विभिन्न कच्ची बस्तियों में संचालित 15 वैकल्पिक शिक्षा केंद्रों से जुड़े बच्चों के साथ-साथ चारदीवारी क्षेत्र में सड़क किनारे जीवन यापन कर रहे बच्चों को गर्म जैकेट, गर्म पजामी, बनियान एवं जुराबें वितरित की गईं। अभियान के दौरान लगभग 700 बच्चों को सर्दी से बचाव के लिए गर्म कपड़े प्रदान किए गए।
अभियान का उद्देश्य बच्चों को ठंड से बचाने के साथ-साथ उनमें सुरक्षा, आत्मविश्वास और देखभाल की भावना को मजबूत करना रहा। कार्यक्रम में विभिन्न सरकारी विद्यालयों के प्रधानाचार्य, पुलिस थाना अधिकारी, बाल संरक्षण से जुड़े प्रतिनिधि एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं की सक्रिय सहभागिता रही। इस अवसर पर बच्चों के अधिकारों, सुरक्षा और शिक्षा के महत्व पर भी संवाद किया गया।
सड़क किनारे रहने वाली 14 वर्षीय रानी (नाम परिवर्तित) ने जैकेट मिलने पर खुशी जाहिर करते हुए कहा, “रात में बहुत ठंड लगती थी। अब जैकेट मिलने से ठंड से बचाव होगा। अच्छा लगता है जब कोई हमारे बारे में सोचता है।”
इस अवसर पर पंच कुमार, विशेष पुलिस अधिकारी, थाना बादशाहपुर ने कहा कि सड़क और कामकाजी बच्चों के लिए समाज को सामूहिक रूप से प्रयास करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि स्कूल, पुलिस विभाग और बाल कल्याण विभाग के आपसी समन्वय से ही बच्चों को सुरक्षित और बेहतर भविष्य दिया जा सकता है।
चेतना संस्था के निदेशक श्री संजय गुप्ता ने कहा, ‘गर्मी की झप्पी 3.0’ अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी बच्चा ठंड और अभाव के कारण पीछे न छूटे। यह पहल समाज की सामूहिक जिम्मेदारी और बच्चों के प्रति संवेदनशीलता का प्रतीक है।”
वहीं, राजेंद्र कुमार, प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर ने कहा, “यह अभियान केवल गर्म कपड़े वितरित करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह बच्चों को यह भरोसा दिलाने का प्रयास है कि समाज उनके साथ खड़ा है। बच्चों के चेहरों पर आई मुस्कान हमारे लिए सबसे बड़ी उपलब्धि है।”
इस अभियान को सफल बनाने में चेतना संस्था के कार्यकर्ताओं, शिक्षकों एवं सहयोगी विभागों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। बच्चों के चेहरों पर दिखाई दी राहत और मुस्कान ने इस पहल को यादगार बना दिया।

अधिक जानकारी के लिए संपर्क करें:
राजेंद्र कुमार, प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर – चेतना संस्था
📞 9012640281

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *