मीरजापुर, 18 मार्च । चैत्र नवरात्र मेले को लेकर विंध्याचल धाम में व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। इस दौरान मां विंध्यवासिनी मंदिर के कपाट पूरे 24 घंटे खुले रहेंगे, जिससे श्रद्धालु अधिक समय तक दर्शन-पूजन कर सकेंगे। हालांकि प्रतिदिन होने वाली चार पहर की आरती के दौरान कुल चार घंटे के लिए मंदिर के कपाट बंद रहेंगे और शेष 20 घंटे दर्शन की व्यवस्था जारी रहेगी।

श्री विंध्य पंडा समाज के अध्यक्ष पंकज द्विवेदी ने बताया कि नवरात्र मेले के दौरान मां का दोपहर व रात्रि शयन नहीं होगा, जिससे श्रद्धालुओं को लगातार दर्शन का अवसर मिलेगा। केवल आरती और शृंगार के समय ही कपाट बंद किए जाएंगे।

आरती का समय निर्धारित किया गया है—मंगला आरती सुबह 3:00 से 4:00 बजे तक, दोपहर राजश्री आरती 12:00 से 1:00 बजे तक, सायंकाल संध्या आरती 7:00 से 8:00 बजे तक तथा रात्रि में बड़ी आरती 9:30 से 10:30 बजे तक होगी। इन चारों आरती के दौरान ही मंदिर के कपाट बंद रहेंगे।

प्रशासन और मंदिर प्रबंधन का उद्देश्य है कि नवरात्र के दौरान आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को सुगम और अधिक समय तक दर्शन की सुविधा मिल सके। इसके लिए विशेष व्यवस्थाएं भी की जा रही हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *