वाराणसी। हनुमान जयंती के पावन अवसर पर दुर्गाकुंड स्थित सेनापति बनकटी हनुमान मंदिर में भक्ति और आध्यात्म से ओतप्रोत विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। मंदिर परिसर में 2 से 8 अप्रैल तक सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा आयोजित होगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

कथा प्रारंभ होने से एक दिन पूर्व, 1 अप्रैल को भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। इस यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं सिर पर कलश धारण कर मंदिर से अस्सी घाट तक पैदल प्रस्थान करेंगी। वहां गंगा से जल भरने के बाद पुनः मंदिर लौटकर विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया जाएगा। कलश यात्रा के दौरान ढोल-नगाड़ों और भक्ति गीतों की धुन पर श्रद्धालु पूरे उत्साह के साथ भाग लेंगे, जिससे क्षेत्र का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो जाएगा।

सात दिवसीय कथा का वाचन आचार्य आशुतोष जी महाराज द्वारा किया जाएगा। प्रतिदिन सायं 4:30 बजे से 7:30 बजे तक श्रद्धालु कथा का श्रवण कर सकेंगे। आयोजन के अंतिम दिन 8 अप्रैल को कथा समापन के उपलक्ष्य में सायं 7:30 बजे से विशाल भंडारा और महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा, जिसमें सभी भक्तों को आमंत्रित किया गया है।

मंदिर के मुख्य पुजारी गिरीश कुमार मिश्रा ने बताया कि इस मंदिर का विशेष धार्मिक महत्व है। उन्होंने बताया कि इसकी स्थापना महान शिक्षाविद् पंडित मदन मोहन मालवीय द्वारा कराई गई थी। साथ ही, यह भी मान्यता है कि जो श्रद्धालु लगातार 41 दिनों तक एक ही समय पर दर्शन-पूजन करता है, उसकी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *